Ghaziabad Land Dispute: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद इलाके में जमीन के एक पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया है. मोहन नगर चौकी क्षेत्र में 280 गज जमीन के टुकड़े को लेकर हुए दो गुटों के संघर्ष में हिंदू रक्षा दल के 22 वर्षीय कार्यकर्ता आयुष वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुक्रवार शाम करीब 3:30 बजे हुए इस बवाल में एक पक्ष ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी, जिसमें आयुष की जान चली गई. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने गोली चलाने वाले आरोपी की जमकर पिटाई कर दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और चारों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
280 गज जमीन का पुराना विवाद
यह पूरा खूनी संघर्ष 280 गज के एक खाली प्लॉट को लेकर था, जिसे ग्रीन बेल्ट का हिस्सा बताया जा रहा है. इस जमीन के मालिकाना हक को लेकर हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी और नमिता शर्मा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, नमिता शर्मा ने पहले पिंकी चौधरी की पत्नी को 180 गज का एक प्लॉट बेचा था. विवाद असल में उसी बेचे गए प्लॉट के पास पड़ी 280 गज खाली जमीन का था, जिस पर नमिता शर्मा और पिंकी चौधरी दोनों ही अपना-अपना दावा जता रहे थे.
हाथापाई के बाद चली जानलेवा गोली
शुक्रवार शाम को नमिता शर्मा की तरफ से राहुल साहनी नाम का व्यक्ति कुछ अन्य लोगों के साथ उस विवादित प्लॉट पर पहुंचा था. इसकी भनक लगते ही पिंकी चौधरी और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता भी वहां आ गए. दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज शुरू हुई और फिर नौबत हाथापाई तक पहुंच गई. इसी दौरान राहुल साहनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चला दी, जो सीधे आयुष वाल्मीकि को जा लगी. आयुष को तुरंत पास के नरेंद्र मोहन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
भीड़ ने आरोपी को जमकर पीटा
आयुष को गोली लगते ही मौके पर मौजूद हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता बुरी तरह भड़क गए. उन्होंने आरोपी राहुल साहनी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे राहुल के हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं और हड्डियां तक टूट गईं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से राहुल को बचाकर हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मृतक आयुष के परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और चारों आरोपियों को पकड़कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ADVERTISEMENT










