दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए युवाओं के प्रदर्शनों के बाद अब उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में स्कूल की बदहाली और अध्यापकों की तानाशाही के खिलाफ छात्र-छात्राओं का आक्रोश सड़कों पर आ गया है. फतेहपुर के किशनपुर कस्बे स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में उस वक्त भारी हंगामा हो गया जब सैकड़ों की संख्या में छात्र और छात्राएं हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर स्कूल गेट पर प्रदर्शन करने लगे. छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में पीने के साफ पानी, चालू पंखे और शौचालयों में सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नहीं हैं. यही नहीं जब उन्होंने प्रिंसिपल और शिक्षकों से शिकायत की तो उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया मुंह पर जूता मारने की धमकी दी गई और परीक्षा में फेल करने का दबाव बनाया गया.
ADVERTISEMENT
कूलर में बैठते हैं टीचर्स, गर्मी में तड़पते हैं छात्र
सर्वोदय इंटर कॉलेज में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का आरोप है कि स्कूल की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. क्लास 11वीं की छात्रा अमृता समेत अन्य छात्राओं ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि शौचालयों में इतनी बदबू और गंदगी रहती है कि छात्राएं वहां जाने से डरती हैं. कक्षाओं में बिजली और पंखों के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे बच्चे भीषण गर्मी में बेहाल होकर बेहोश तक हो जाते हैं. छात्रों का आरोप है कि जहां एक तरफ शिक्षक कूलरों में आराम से बैठते हैं, वहीं छात्र-छात्राओं को मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा जाता है.
छात्राओं ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों पर प्रताड़ना व अभद्रता का सनसनीखेज आरोप लगाया है. एक पीड़ित छात्रा ने बताया कि 'जब हमने अपनी समस्याओं को लेकर प्रिंसिपल सर और अध्यापकों से बात की तो उन्होंने सुनवाई करने के बजाय डांट कर भगा दिया और कहा कि ज्यादा नेतागिरी मत करो. एक टीचर ने पूरी क्लास के सामने धमकी देते हुए कहा कि मुझसे ज्यादा पूछोगी तो मुंह पर जूता उठाकर मारूंगा, तेरी जैसी लड़कियों पर थूकना भी पसंद नहीं करता. अब विरोध करने पर हमें परीक्षा में फेल करने की धमकियां दी जा रही हैं.'
मिड-डे मील में अनिमियतता और बहनों को रोकने का दबाव
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि मिड-डे मील के खाने में भारी धांधली की जा रही है और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलता. जब छात्र-छात्राएं एकजुट होकर धरना देने पहुंचे, तो प्रबंधन द्वारा कई छात्राओं को आगे आने से रोका गया और उनके परिवारों पर भी दबाव बनाने की कोशिश की गई.
मौके पर पहुंचे DIOS, दिए पंखे, आरओ और जांच के तत्काल आदेश
मामला तूल पकड़ते ही और हंगामे की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) खुद सर्वोदय इंटर कॉलेज पहुंचे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और प्रदर्शन कर रही छात्राओं की परेशानियां सुनीं. निरीक्षण के बाद DIOS ने तुरंत कई सुधारात्मक कदम उठाने के आदेश जारी किए.
पंखे और वायरिंग: प्रत्येक कमरे में 4 पंखे लगाए जाएंगे, जिनकी व्यवस्था आज रात से कल तक पूरी करने का दावा किया गया है. साथ ही वायरिंग को पाइप से कवर कराया जाएगा.
पेयजल व स्वच्छता: बच्चों के लिए नए वाटर कूलर और आरओ (RO) प्लांट की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं.
मिड-डे मील और खेल मैदान: एमडीएम के मेनू के अनुसार खाना सुनिश्चित कराने और खेल मैदान की सफाई के आदेश दिए गए. कक्षा 6 से 8 के बच्चों के डीबीटी (DBT) संबंधी काम को एक महीने में पूरा करने का आश्वासन दिया गया.
युवा और 'अल्फा जनरेशन' का बढ़ता आक्रोश
फतेहपुर में स्कूली बच्चों का यह आंदोलन ऐसे समय में देखा जा रहा है जब देशभर में युवा अपनी मांगों को लेकर मुखर हो रहे हैं. फिरोजाबाद से लेकर कई अन्य जिलों में भी छात्रों द्वारा सुविधाओं को लेकर आवाज उठाई जा रही है. फिलहाल फतेहपुर में डीआईओएस के आश्वासन और जल्द से जल्द मांगें पूरी करने के आदेश के बाद बच्चों को शांत कराया गया है. हालांकि अभद्रता करने वाले शिक्षकों और प्रिंसिपल के खिलाफ जांच के बाद क्या कार्रवाई होगी इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं.
ADVERTISEMENT










