उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक ऐसा मर्डर केस सामने आया है जिसके आरोपी का अजीबोगरीब दावा सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई है. मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या करने वाले 19 वर्षीय आरोपी मोहम्मद अरमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए पुलिस के सामने दावा किया कि उसने यह हत्या अपने मन से नहीं बल्कि एक 'जिन्न' के कहने पर की है. आरोपी का कहना है कि पिछले डेढ़ साल से एक जिन्न उसे परेशान कर रहा था, कानों में गंदी-गंदी गालियां देता था और लोगों की हत्या करने के लिए उकसाता था.
ADVERTISEMENT
सुनसान सड़क पर पीछा कर व्यापारी को मारा चाकू
घटना बरेली के बारी अड्डा इलाके के पास की है, जहां किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इसी दौरान ओमनी वैन से आए आरोपी अरमान ने चाकू मारकर उनकी हत्या कर दी और उनका मोबाइल फोन व सामान लेकर फरार हो गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई और आरोपी अरमान को वैन समेत धर दबोचा।
"पंडित या मौलाना से पूछ लो, जिन्न देता था गालियां"
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने अरमान से पूछताछ की तो उसने अजीबोगरीब लॉजिक दिए. आरोपी ने मीडिया और पुलिस के सामने कहा 'डेढ़ साल से मेरे पीछे एक चीज पड़ी थी, कोई जिन्नी टाइप था. वह कानों में बोलता था कि जल्दी मार दे, हत्या कर दे और बहुत गंदी-गंदी गालियां देता था. उस दिन व्यापारी को देखकर भी कानों में वही आवाज आई कि इसे मार दे. अगर मेरी गलती साबित हो तो मुझे सजा दे दो, चाहे किसी पंडित जी से पूछ लो या मौलाना से पता करवा लो.' आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि घटना वाले दिन उसने व्यापारी से पहले एक मोटरसाइकिल सवार का भी पीछा किया था. लेकिन वह निकल गया.
साक्ष्य छिपाने के आरोप में पिता भी गिरफ्तार
पुलिस ने इस हत्याकांड में आरोपी अरमान के पिता इम्तियाज को भी सबूत मिटाने और बेटे की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. हालांकि पिता ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनका बेटा पिछले कुछ महीनों से नशे का आदी हो चुका था और उसने मानसिक बीमारी की दवाइयां लेना बंद कर दिया था. पिता का दावा है कि उन्होंने कोई मदद नहीं की बल्कि खुद बेटे को पकड़वाने में मदद की थी और वह सुबह चुपके से घर से गाड़ी और चाकू उठाकर ले गया था.
पुलिस की बरामदगी और आधिकारिक बयान
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल ओमनी वैन, बड़ा चाकू, मृतक का सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और घटनास्थल से मिले गाड़ी के कांच के टुकड़े बरामद किए हैं.
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के मुताबिक '19 साल का आरोपी अरमान नशे का आदी है और उसने घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है. घटना के साक्ष्य छिपाने में उसके पिता की भूमिका भी पाई गई है, जिस पर दोनों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने और इलाज बंद करने की बातें सामने आई हैं. पुलिस द्वारा आरोपी की मेडिकल और मानसिक स्थिति की जांच (साइकेट्रिक इवैल्यूएशन) कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'
फिलहाल, जिन्नी लॉजिक और गवाह के तौर पर पंडित-मौलाना का हवाला देने वाले इस आरोपी की कहानी सोशल मीडिया और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ADVERTISEMENT










