कानपुर शहर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर इलाके से प्यार, लालच और अपराध का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया. जिस प्रेमिका से शादी और नए भविष्य के सपने सजाए जा रहे थे, उसी ने अपने प्रेमी को रातों-रात अमीर बनने की ऐसी साजिश में झोंका कि प्रेमी सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गया.
ADVERTISEMENT
प्रेमिका ने अपनी ही भाभी के घर में लूटपाट की योजना बनाई और प्रेमी को बुर्का पहनाकर वारदात अंजाम देने भेज दिया. इतना ही नहीं पहचान छिपाने के लिए साथ में एक नाबालिग भाई को भी बुर्का पहनाकर शामिल कर लिया गया. हालांकि पीड़िता की हिम्मत और मोहल्ले वालों की मुस्तैदी से पूरी साजिश नाकाम हो गई. पुलिस ने प्रेमी, उसके नाबालिग भाई और साजिशकर्ता प्रेमिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
फिर बुर्का पहनकर घर में घुसे बदमाश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रांजल सिंह पहले राजेंद्र सिंह (प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी) की बहन (ननंद) शामिका के मकान में किराए पर रहता था. वहीं दोनों के बीच प्रेम संबंध बने. दोनों ने मिलकर चाय का कारोबार शुरू किया था. लेकिन उसमें भारी नुकसान हो गया.आर्थिक तंगी से उबरने के लिए प्रेमिका शामिका ने अपने ही भाई के घर में लूट की योजना रची.
योजना के मुताबिक, शनिवार दोपहर जब व्यापारी राजेंद्र सिंह अपने बच्चों को स्कूल से लेने गए थे. तब घर पर केवल उनकी पत्नी शैली और बुजुर्ग मां राधा मौजूद थीं. शामिका के इशारे पर प्रांजल अपने नाबालिग भाई (इंटरमीडिएट का छात्र) को लेकर बुर्का पहनकर घर में दाखिल हुआ. उनके पास तिजोरी काटने वाला कटर, लोहे की भारी रॉड और लूट का सामान भरने के लिए बड़ा बैग था.
महिला की बहादुरी और मोहल्ले की एकजुटता ने बिगाड़ा खेल
घर में दाखिल होते ही दोनों आरोपियों ने बुर्का हटाया और लोहे की रॉड से सास-बहू पर हमला कर दिया. उनका इरादा तिजोरी काटकर नकदी और गहने साफ करने का था. हालांकि, पीड़िता शैली ने हिम्मत नहीं हारी. मारपीट और कपड़े फटने के बावजूद वह शोर मचाते हुए घर से बाहर की ओर भागीं.
चीख-पुकार सुनकर आसपास के दर्जनों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. घबराए हमलावरों ने भागने की कोशिश की. लेकिन भीड़ ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया. गुस्से में आए मोहल्ले वालों ने दोनों आरोपियों को रस्सी से बांध दिया और जमकर धुनाई कर दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया.
पुलिस का बयान और विधिक कार्रवाई
चकेरी थाना पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपियों के पास से लोहे की रॉड, कटर मशीन, बैग और बुर्का बरामद किया गया है. पुलिस ने बताया कि 'श्याम नगर में चोरी और लूट के इरादे से घुसे दो अभियुक्तों को महिलाओं द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पकड़ा था. जांच में पता चला कि पीड़ित परिवार की ही एक महिला (ननंद) के साथ आरोपी की निकटता थी और उसी के कहने पर यह पूरी साजिश रची गई थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रांजल, उसके नाबालिग भाई और साजिश रचने वाली महिला को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.'
जल्दी पैसा कमाने और लालच की इस कहानी ने एक हंसते-खेलते परिवार को सदमे में डाल दिया है. जबकि अपने ही परिवार के खिलाफ साजिश रचने वाली प्रेमिका और उसका प्रेमी अब सलाखों के पीछे हैं.
ADVERTISEMENT










