जंतर-मंतर से लौट रहे जिस छात्र के साथ सत्यम पंडित ने की गाली-गलौच, अब उसने कर दिया बहुत बड़ा खुलासा!

यूपी तक

• 01:51 PM • 27 Jul 2026

Jantar Mantar Student Protest: जंतर-मंतर से लौट रहे दो छात्रों के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का मामला अब राजनीतिक विवाद बन गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्ष ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.

Google CTA

Jantar Mantar Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में शामिल होकर लौट रहे दो छात्रों के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. आरोप है कि खुद को हिंदू वीर सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले सत्यम पंडित और उसके साथियों ने छात्रों को घेरकर पीटा और गालियां दी हैं. आरोपी सत्यम पंडित ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर 'कुछ कॉकरोचों का इलाज कर दिया' लिखकर पोस्ट कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह समेत कई नेताओं ने पुलिस और सरकार को आड़े हाथों लिया है.

यह भी देखें...

पीड़ित छात्र आयुष ने बताई अपनी आपबीती

बरेली के रहने वाले 16 साल के आयुष रंजन ने बताया कि वह बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र हैं और 23 तारीख को जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करने दिल्ली आए थे. प्रदर्शन के बाद वह अपने दोस्त के साथ एक गुरुद्वारे में रुके थे. अगली सुबह करीब 5 बजे जब वे गुरुद्वारे से बाहर निकले, तो करीब 200 मीटर आगे सत्यम पंडित और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया. आयुष का आरोप है कि आरोपियों के पास हथियार भी थे. उन्होंने उनके दोस्त का गला दबाकर मारपीट की, गालियां दीं और डराया-धमकाया. इस दौरान आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया.

सोशल मीडिया पर मचा बड़ा सियासी बवाल

सत्यम पंडित द्वारा वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने के बाद यह मामला काफी गरमा गया है. वीडियो सामने आते ही कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने इसे शेयर करते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है. सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं कि सरेआम गुंडई और वीडियो पोस्ट होने के बावजूद आरोपी पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है. पीड़ित छात्र और उनका परिवार इस घटना के बाद से काफी डरा हुआ है और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहा है.

विवादों से रहा है काफी पुराना नाता

आरोपी सत्यम पंडित गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र स्थित पटेल नगर का रहने वाला है. वह खुद को हिंदू वीर सेना का राष्ट्रीय अध्यक्ष और श्री कृष्ण जन्मभूमि मामले का मुख्य वादी बताता है. सत्यम पंडित का विवादित बयानों और घटनाओं से पुराना नाता रहा है. इससे पहले अगस्त 2024 में बांग्लादेशी और रोहिंग्या समुदाय को लेकर भड़काऊ भाषण देने के मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई थी. वहीं फरवरी 2026 में मीट दुकानें बंद करवाने के दौरान विक्रेताओं से मारपीट करने के आरोप में भी उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई हो चुकी है.