Salman Khan Student Protest: जंतर-मंतर पर जारी प्रोटेस्ट और पेपर लीक के मुद्दे पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने बड़ा बयान दिया है. सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 24 घंटे के भीतर दो ऐसे पोस्ट किए हैं, जिनका संदेश एक-दूसरे से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है. जहां बुधवार को उन्होंने छात्रों के समर्थन में लंबी पोस्ट लिखकर उनके हौसले की तारीफ की थी, वहीं गुरुवार को उन्होंने अचानक अपना रुख बदलते हुए आंदोलन खत्म करने की अपील कर दी है. उनके इस बदले हुए अंदाज को लेकर अब सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
बुधवार को किया छात्रों का समर्थन
बुधवार को सलमान खान ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि यह एक बहुत ही शांतिपूर्ण आंदोलन था और इस दौरान घायल हुए छात्रों व परिजनों के प्रति उनकी पूरी संवेदनाएं हैं. उन्होंने कहा कि पेपर लीक एक बेहद गंभीर मुद्दा है और देश के बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट देखकर उन्हें खुशी हुई है. उन्होंने आंदोलन की तारीफ करते हुए कहा था कि शिक्षा ही अगला ट्रेंड होना चाहिए ताकि भारत एक ग्लोबल एजुकेशन हब बन सके. इसके साथ ही उन्होंने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग न देने की सलाह दी थी और उम्मीद जताई थी कि सरकार भी छात्रों को पूरा समर्थन देकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएगी.
गुरुवार को आंदोलन खत्म करने की अपील
पहले पोस्ट की तारीफ के अगले ही दिन यानी गुरुवार को सलमान खान ने फिर से एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उनका सुर बदला हुआ दिखा. अपनी तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि छात्रों की पढ़ाई और सुरक्षा पहली प्राथमिकता है, इसलिए उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ट्वीट के बाद उन्हें पूरा यकीन है कि जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी. इसके बाद उन्होंने छात्रों से अपने घर लौटने की अपील की. सलमान ने आगे सोनम वांगचुक को संबोधित करते हुए लिखा कि "सोनम बस बहुत हो गया, इसे आगे मत बढ़ाओ" और मजाक में यहाँ तक कह दिया कि जरूरत पड़ने पर वे अपने घर से उनके लिए खाना भिजवा सकते हैं.
सोशल मीडिया पर उठे कई सवाल
सलमान खान के इन दो अलग-अलग पोस्टों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया दो गुटों में बंट गया है. कई यूज़र्स दोनों पोस्टों को एक साथ शेयर करके सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर एक ही दिन में ऐसा क्या बदल गया कि आंदोलन की तारीफ करने वाले अभिनेता अचानक इसे खत्म करने की सलाह देने लगे. कुछ लोगों का मानना है कि प्रधानमंत्री के आश्वासन के बाद सलमान खान ने जिम्मेदारी दिखाते हुए शांति की अपील की है, जबकि दूसरा पक्ष इसे उनके बयान की गंभीरता पर सवाल मान रहा है. इस पूरे घटनाक्रम और अपनी बदली राय पर सलमान खान की तरफ से फिलहाल कोई अलग से सफाई नहीं आई है.
ADVERTISEMENT










