जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन के लिए पहुंचे ये नेता, पेपर लीक पर सरकार के सामने रखी मांग

यूपी तक

• 12:07 PM • 24 Jul 2026

Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुईं महबूबा मुफ्ती, इल्तजा मुफ्ती और समाजवादी पार्टी के कई नेता. सपा नेताओं ने छात्रों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करने से लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है.

Google CTA

Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है. इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता जंतर-मंतर पर पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और उनकी बेटी इल्तजा मुफ्ती के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के कई प्रमुख नेता, पूर्व पदाधिकारी और विधायक भी छात्रों की मांगों का समर्थन करने पहुंचे हैं. सपा नेताओं ने सरकार पर युवाओं से वादाखिलाफी करने और पेपर लीक कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं. इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है.

यह भी देखें...

छात्रों को भोजन और समर्थन दिया

गौतम बुद्ध नगर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राहुल अबाना ने बताया कि वे जंतर-मंतर पर धरना दे रहे छात्रों के लिए दोनों समय खाना और पानी पहुंचा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव जी का आदेश था कि आंदोलन कर रहे बच्चों के लिए भोजन, पानी और दवाइयों का इंतजाम किया जाए. राहुल अबाना ने आरोप लगाया कि सरकार 17-18 साल के बच्चों और छात्राओं पर लाठियां बरसा रही है. उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता लगातार छात्रों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेकर ही रहेंगे.

विधानसभा में उठेगी युवाओं की आवाज

इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा और सिरसागंज से सपा विधायक सर्वेश सिंह भी छात्रों के समर्थन में पहुंचे. अदील हमजा ने कहा कि देश में नीट, आरओ/एआरओ और यूपीएससी जैसी तमाम परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे तंग आकर प्रतियोगी छात्र आत्महत्या करने पर मजबूर हैं. वहीं विधायक सर्वेश सिंह ने स्पष्ट किया कि वे बिना किसी पार्टी के झंडे के, सिर्फ देश के युवाओं और बेटियों के हित के लिए आए हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश की आगामी विधानसभा में इस मुद्दे को पूरी ताकत से उठाया जाएगा.

24 जुलाई को होगा देशव्यापी प्रदर्शन

सुल्तानपुर से सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राम प्रकाश मौर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आरओ-एआरओ और यूपीएसआई जैसी भर्तियों के पेपर लीक हुए हैं, जिससे लाखों छात्र परेशान हैं. उन्होंने कहा कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से न्याय मांगने दिल्ली आते हैं तो उन पर पुलिस द्वारा लाठियां और आंसू गैस के गोले बरसाए जाते हैं. उन्होंने सरकार से सवाल किया कि 2 करोड़ नौकरियों का वादा कहाँ गया और इसकी जवाबदेही सरकार को लेनी होगी. इसके साथ ही जंतर-मंतर पर मौजूद पदाधिकारियों द्वारा अपील की गई कि पूरे देश भर में लोग 24 जुलाई को अपने-अपने गांव और शहरों में प्रदर्शन करें.