Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं का समर्थन करने के लिए आज समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान पहुंचे हैं. इस दौरान उन्होंने आरोप सरकार पर आरोप लगाया है कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बच्चों और लड़कियों के साथ बर्बरता की है. अतुल प्रधान ने कहा कि 'अब बात सिर्फ शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की नहीं रही, बल्कि पूरा देश प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का इस्तीफा मांग रहा है.' इसके साथ ही उन्होंने पुलिस लाठीचार्ज में शामिल अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने और छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
पुलिस अधिकारियों पर हो सख्त कार्रवाई
जंतर-मंतर पर मीडिया और छात्रों से बातचीत करते हुए अतुल प्रधान ने कहा कि 'दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं और लड़कियों पर थप्पड़ों और डंडों से प्रहार किया है.' उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में आईपीएस स्तर के अधिकारी भी शामिल थे. उन्होंने मांग की कि ऐसे अधिकारियों को चिह्नित करके उन्हें तत्काल निलंबित और बर्खास्त किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नेताओं और किसानों को जबरन घरों में बंद करके डिटेन किया जा रहा है, जिससे साफ पता चलता है कि सरकार पूरी तरह डरी हुई है.
संसद और विधानसभा में उठेगी आवाज
सपा विधायक ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव और अन्य प्रतिनिधि लगातार इस आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं. अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को संसद के भीतर पुरजोर तरीके से उठाया है. अतुल प्रधान ने भरोसा दिलाया कि 3 तारीख से शुरू हो रहे उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा सत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सपा के 37 सांसद और 111 विधायक सड़क से लेकर सदन तक युवाओं के हक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेंगे.
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस हों
अतुल प्रधान ने कहा कि सोनम वांगचुक के धरने-प्रदर्शन का 25वां दिन है और पूरा देश उनके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जी ने भी वांगचुक जी से अनशन तोड़ने की अपील की है क्योंकि उनकी जिंदगी बहुत अनमोल है. उन्होंने मांग की कि पुलिस ने अलग-अलग थानों में छात्रों पर जो मुकदमे दर्ज किए हैं, उन्हें तुरंत वापस लिया जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इसलिए नहीं लिया जा रहा है क्योंकि उनके सीने में सरकार के कई राज दफन हैं. उन्होंने दावा किया कि आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी.
ADVERTISEMENT










