धरने पर बैठे चंद्रशेखर आजाद ने कर दिया बड़ा ऐलान, 25 जुलाई को देशभर में करेंगे जोरदार प्रदर्शन

यूपी तक

• 01:03 PM • 23 Jul 2026

Chandrashekhar Azad Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए 25 जुलाई को देशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन का एलान किया है.

Google CTA

Chandrashekhar Azad Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ भीम आर्मी प्रमुख सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद भवन परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. चंद्रशेखर आजाद 20 जुलाई की रात करीब 11 बजे से हाथ में भारत का संविधान और पोस्टर लेकर अकेले ही धरने पर बैठे हैं. वह छात्रों पर लाठी चलाने वाले पुलिस वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने 25 जुलाई को देश भर के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का बड़ा एलान किया है.

यह भी देखें...

छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ धरना

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई 2026 को प्रदर्शनकारी छात्रों और दिल्ली पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसमें पुलिस ने लाठीचार्ज किया था. पुलिस का दावा है कि इस उपद्रव में करीब 118 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. छात्रों पर हुए इस लाठीचार्ज के विरोध में चंद्रशेखर आजाद 20 जुलाई की रात लगभग 11 बजे से संसद भवन में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए. बारिश और धूप के बीच वे कभी रेनकोट पहनकर, कभी हाथों में छाता लेकर तो कभी छोटी सी त्रिपाल लगाकर दिन-रात डटे हुए हैं. उनके हाथों में संविधान और दो पोस्टर हैं, जिनमें से एक पर लिखा है कि 'बच्चों पर चली एक-एक लाठी का जवाब देना होगा' और दूसरे में नीट पेपर लीक के जिम्मेदारों को देशद्रोही बताया गया है.

25 जुलाई को प्रदर्शन का एलान

चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि जो लोग न्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज नहीं उठाते, वे कुछ दिनों बाद अपनों की ही लाशें उठाते हैं. इसके साथ ही उन्होंने 25 जुलाई को लेकर देश भर के लिए एक बड़ा एलान किया है. 25 जुलाई को भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता देश भर के सभी जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपेंगे. इस दौरान दिल्ली में हुए लाठीचार्ज और जौहर यूनिवर्सिटी पर चल रही बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा उठाया जाएगा. इसके अलावा चंद्रशेखर आजाद 23 जुलाई को दोपहर 12 बजे एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने जा रहे हैं.

कई दिग्गज नेताओं ने की मुलाकात

संसद परिसर में धरने पर बैठे चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात करने कई प्रमुख नेता पहुंचे हैं. एआईएमआईएम (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह उनसे मिलने पहुंचे. हालांकि, संजय सिंह और चंद्रशेखर की इस मुलाकात पर समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाए हैं. सपा का कहना है कि जिस वक्त संसद के अंदर आवाज उठानी चाहिए, उस वक्त बाहर शांत बैठा जा रहा है. दूसरी तरफ, 22 जुलाई को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी चंद्रशेखर आजाद को समझाने पहुंचे थे. इस पर आजाद ने साफ कहा कि जिन बच्चों पर लाठियां चली हैं, वे हमारे देश के बच्चे हैं और उन पर हो रहा अत्याचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.