जंतर मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन पर सलमान खान ने तोड़ी चुप्पी, NEET पेपर लीक विवाद को लेकर कह दी ये बड़ी बात!

यूपी तक

• 11:57 AM • 23 Jul 2026

Salman Khan Support Students: नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी छात्रों के प्रदर्शन को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का समर्थन मिला है. सलमान ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन की सराहना करते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही.

Google CTA

Salman Khan Support Students: नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्रों के प्रदर्शन को अब बॉलीवुड से भी समर्थन मिलने लगा है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध के बीच बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए छात्रों के समर्थन में एक लंबा पोस्ट शेयर किया है. सलमान खान का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इससे पहले कई लोग सवाल उठा रहे थे कि छात्रों के आंदोलन को लेकर बॉलीवुड के बड़े सितारे चुप क्यों हैं. अब सलमान खान ने छात्रों के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

यह भी देखें...

सलमान खान ने छात्रों के प्रदर्शन को बताया साहसी कदम

सलमान खान ने अंग्रेजी में किए अपने पोस्ट में लिखा कि यह आंदोलन शुरुआत में बेहद शांतिपूर्ण था, लेकिन इसका हिंसक रूप लेना बेहद दुखद है. उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई.

उन्होंने कहा कि पेपर लीक एक बेहद गंभीर मुद्दा है और यह देखकर खुशी होती है कि देश के युवा बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हो रहे हैं. सलमान ने छात्रों और उनके माता-पिता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ बेहतर भविष्य और शिक्षित भारत के निर्माण की इच्छा दिखाई है.

'इस मुद्दे को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए'

सलमान खान ने अपने पोस्ट में कहा कि विरोध प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है और उन्होंने इसे शांतिपूर्ण तरीके से किया है. उन्होंने छात्रों को साहसी और बहादुर बताते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति प्रेरित युवा ही भारत का नाम रोशन करेंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. सलमान ने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों का समर्थन करेगी और देश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी.

सलमान ने भारत को एजुकेशन हब बनाने की जताई उम्मीद

सलमान खान ने कहा कि शिक्षा को आने वाले समय का सबसे बड़ा ट्रेंड और फैशन बनना चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत ऐसा शिक्षा केंद्र बने जहां दुनिया के दूसरे देशों से भी लोग पढ़ाई करने आएं. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि शिक्षित होने की इच्छा रखने वाले सभी लोगों पर ईश्वर की कृपा बनी रहे.

कई अन्य हस्तियों ने भी किया प्रदर्शन का समर्थन

सलमान खान के अलावा मनोरंजन जगत की कई अन्य हस्तियों ने भी छात्रों के नेतृत्व वाले इस विरोध प्रदर्शन को समर्थन दिया है. वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी प्रदर्शन को लेकर बयान जारी किया है. पार्टी प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे हैं और यह जरूरी है कि आंदोलन शांतिपूर्ण बना रहे.

CJP ने दी एंटी सोशल एलिमेंट्स से बचने की सलाह

CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि किसी भी कीमत पर प्रदर्शन में असामाजिक तत्वों को शामिल नहीं होने दिया जाना चाहिए, क्योंकि इससे आंदोलन का मुद्दा भटक सकता है.

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को शांति बनाए रखने की अपील की गई है. अगर कोई बाहरी व्यक्ति प्रदर्शन में शामिल होकर हिंसा करता है तो इससे पूरे आंदोलन को नुकसान पहुंच सकता है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले लोगों पर सवाल उठ सकते हैं.

जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी

बता दें कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को हजारों छात्र और कार्यकर्ता जंतर-मंतर पहुंचे थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की खबरें भी सामने आई थीं. इसके बाद विपक्ष ने सरकार पर जमकर हमला बोला. संसद से लेकर सड़क तक यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है. अब देखने वाली बात होगी कि छात्रों के इस आंदोलन का आगे क्या असर पड़ता है और सरकार की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं.