Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन को अब देशभर से समर्थन मिल रहा है. प्रदर्शन स्थल के बाहर एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जहां स्विग्गी और जोमाटो जैसे फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के डिलीवरी पार्टनर्स की लंबी कतारें लग गईं. देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने छात्रों के समर्थन में खाने के ऑर्डर भेजे, जिन्हें डिलीवरी बॉय प्रदर्शन स्थल तक पहुंचा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
यूपी तक की रिपोर्ट के मुताबिक, जंतर-मंतर के बाहर बड़ी संख्या में फूड डिलीवरी पार्टनर्स छात्रों के लिए खाना लेकर पहुंचे. कई लोगों ने बताया कि उन्हें स्टूडेंट्स के लिए खाना पहुंचाने के ऑर्डर मिले हैं.
‘किसी जरूरतमंद को दे देना’ कहकर भेजा गया खाना
एक डिलीवरी पार्टनर ने बताया कि उन्हें स्विगी के जरिए स्टूडेंट सपोर्ट के लिए खाना पहुंचाने का ऑर्डर मिला था. उन्होंने बताया कि यह ऑर्डर पीतमपुरा इलाके से आया था और ऑर्डर करने वाले व्यक्ति ने कहा था कि खाना प्रदर्शन स्थल पर मौजूद जरूरतमंद लोगों को दे दिया जाए.
डिलीवरी पार्टनर ने कहा कि जब वह खाना छात्रों को देते हैं और उन्हें पता चलता है कि यह किसी ने उनके समर्थन में भेजा है तो उन्हें भी अच्छा महसूस होता है.
खाने के पैकेट की बढ़ी संख्या, प्रदर्शनकारियों ने की अपील
प्रदर्शन स्थल के बाहर खाने के पैकेट की इतनी ज्यादा संख्या पहुंच गई कि प्रदर्शनकारियों और वॉलंटियर्स ने लोगों से फिलहाल और खाना नहीं भेजने की अपील की. वहां मौजूद लोगों का कहना था कि छात्रों के लिए पर्याप्त मात्रा में भोजन पहुंच चुका है और अब कुछ समय के लिए नए ऑर्डर रोकने की जरूरत है.
प्रदर्शन को मिल रहा देशभर से समर्थन
जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक शामिल हैं. प्रदर्शन स्थल पर लोग पोस्टर और क्रिएटिव तरीकों से अपनी बात रखते नजर आए. कुछ स्कूली छात्रों ने भी अपने अंदाज में विरोध दर्ज कराया. वहीं, मौके पर मौजूद वॉलंटियर्स खाने के पैकेट को व्यवस्थित तरीके से बांटने में जुटे हुए हैं ताकि किसी को परेशानी न हो.
प्रदर्शन स्थल पर दिखा आंदोलन का अलग रंग
जहां एक तरफ छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों की ओर से मिल रहा यह समर्थन आंदोलन की चर्चा का बड़ा कारण बन गया है. जंतर-मंतर के बाहर फूड डिलीवरी पार्टनर्स की लंबी कतार और छात्रों के लिए भेजा गया खाना इस प्रदर्शन की एक अलग तस्वीर पेश कर रहा है.
ADVERTISEMENT










