Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं और छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है. अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन की ओर मार्च निकालने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसमें कई युवाओं और महिलाओं को चोटें आईं. प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा और महिलाएं अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं. मंच से संगठन के नेता भी प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पूरी योजना के साथ शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं. कई युवाओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसी समस्याओं के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है और सिस्टम में भ्रष्टाचार के चलते उनकी उम्मीदें टूट रही हैं. वहीं, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार बातचीत और टकराव की स्थिति भी देखने को मिली. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिलाओं के साथ भी सख्ती बरती और कई लड़कियों को लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा. इस कार्रवाई के बाद आंदोलन और तेज हो गया है.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई और लाठीचार्ज के बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ है और वे अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए संघर्ष जारी रखेंगे. स्थानीय लोग भी इस आंदोलन में शामिल होकर युवाओं का समर्थन कर रहे हैं. हालांकि प्रशासन की ओर से प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम हैं. उनका कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT










