अस्पताल पहुंचने के बाद भी नहीं टूटा सोनम वांगचुक का हौसला! लेटर के जरिए अभिजीत दीपके को भेजा बड़ा संदेश, ये सब कहा...

यूपी तक

• 01:02 PM • 21 Jul 2026

Sonam Wangchuk Health Update: जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने लेटर के जरिए संदेश भेजकर अपनी भूख हड़ताल जारी रखने की बात कही है. अभिजीत ने दावा किया कि आंदोलन खत्म नहीं हुआ है और प्रदर्शन जारी रहेगा.

Google CTA

Sonam Wangchuk Health Update: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच अब सोनम वांगचुक की तबीयत और उनके संदेश को लेकर चर्चा तेज हो गई है. 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच हुए हंगामे के बाद सोनम वांगचुक को पुलिस अस्पताल लेकर गई थी. अब प्रदर्शनकारियों का दावा है कि सोनम वांगचुक ने अस्पताल से एक लेटर के जरिए संदेश भेजा है, जिसमें उन्होंने अपनी भूख हड़ताल जारी रखने की बात कही है. वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में हिंसा और पथराव का हवाला देते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि झड़प के दौरान 118 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.

यह भी देखें...

अभिजीत का दावा- सोनम वांगचुक ने भेजा लेटर

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभिजीत ने बताया कि सोनम वांगचुक से उनकी सीधे तौर पर बात नहीं हो पाई क्योंकि पुलिस उन्हें मिलने नहीं दे रही है. हालांकि, सोनम वांगचुक ने एक लेटर के माध्यम से संदेश भेजा है.

अभिजीत के मुताबिक, सोनम वांगचुक ने अपने संदेश में कहा है कि अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उनकी भूख हड़ताल जारी है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है.

अभिजीत बोले- 'आंदोलन खत्म नहीं हुआ, जारी रहेगा'

जंतर-मंतर पर देर रात अभिजीत ने ऐलान किया कि प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ है और आंदोलन लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अगर सरकार को बातचीत करनी है तो अब वह खुद प्रदर्शनकारियों के पास आए. अभिजीत ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की और युवाओं के साथ अन्याय किया गया.

अस्पताल में सोनम वांगचुक की तबीयत कैसी है?

सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. लंबे समय से भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनके शरीर में कमजोरी और डिहाइड्रेशन की समस्या बनी हुई है. अस्पताल के अनुसार, उनका ब्लड शुगर लेवल लगातार कम आ रहा है. इसके अलावा एनीमिया और ल्यूकोसाइट काउंट से जुड़ी समस्या भी बनी हुई है.

ड्रिप और ग्लूकोज लेने से इनकार का दावा

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, सोनम वांगचुक को ओआरएस और ओरल पोटैशियम की खुराक दी जा रही है. हालांकि, उन्होंने ड्रिप और ग्लूकोज लेने से इनकार किया है. डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक भूख हड़ताल के कारण उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखना जरूरी है, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके.

चंद्रशेखर आजाद ने संसद में किया धरना

जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है. भीम आर्मी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संसद परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे बारिश के बीच धरना दिया. उन्होंने कहा कि अगर युवाओं की मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है.

दिल्ली पुलिस ने दर्ज किए केस, हिरासत में लिए प्रदर्शनकारी

वहीं, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को लेकर अब तक चार मुकदमे दर्ज किए हैं. पुलिस के मुताबिक, 70 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है.

पुलिस का कहना है कि झड़प और हिंसा में 118 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

जंतर-मंतर प्रदर्शन को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम के बाद विपक्षी दल भी सक्रिय हो गए हैं. समाजवादी पार्टी समेत कई नेताओं ने इस मुद्दे को उठाया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि सोनम वांगचुक की तबीयत और प्रदर्शन का आगे क्या रुख रहता है. फिलहाल अभिजीत ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है, जबकि सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की निगरानी जारी है.