बारिश, बैरिकेड और भारी हंगामा... जंतर-मंतर पर पुलिस-RAF की मौजूदगी के बीच भीड़ ने ये क्या किया?

यूपी तक

• 01:21 PM • 20 Jul 2026

CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर संसद मार्च के लिए भारी संख्या में युवा प्रदर्शनकारी जुटे हैं. पुलिस को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आश्वासन मिलने के बाद युवाओं को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मिली है.

Google CTA

CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर सुबह से ही प्रदर्शनकारी युवाओं का भारी जमावड़ा लगा हुआ है. संसद की तरफ बढ़ने का प्रयास कर रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने पहले पीछे खदेड़ दिया था. इसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर प्रोटेस्ट साइट पर जाने के आश्वासन के बाद उन्हें अनुमति दी गई है. दिल्ली में हो रही लगातार बारिश के बीच भी युवा प्रदर्शनकारी सड़कों पर डटे हुए हैं और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है.

यह भी देखें...

संसद मार्ग पर भारी हंगामा

सुबह लगभग करीब 7 बजे संसद मार्ग के बाहर माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था. पुलिस द्वारा पीछे धकेले जाने के बाद प्रदर्शनकारी युवा दोबारा इकट्ठा हुए और नारेबाजी करने लगे. हालांकि, युवाओं ने पुलिस को भरोसा दिलाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से सिर्फ जंतर-मंतर के तय रास्ते पर ही आगे बढ़ेंगे, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उन्हें अंदर जाने का रास्ता दिया. बारिश में भीगते हुए भी युवाओं का जोश कम नहीं हो रहा है और वे 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे लगा रहे हैं. पुलिस का मुख्य प्रयास यह है कि भीड़ को जल्द से जल्द संसद मार्ग से हटाकर जंतर-मंतर की तरफ शिफ्ट किया जाए ताकि संसद जाने वाला रास्ता पूरी तरह साफ रहे.

सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा

संसद मार्ग पर सुरक्षा को बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और आरएएफ के जवान पूरी तैयारी के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं. पुलिस ने चौराहे पर बड़े-बड़े बैनर लगाकर प्रदर्शनकारियों को चेतावनी भी दी है. इसी बीच प्रदर्शन स्थल पर कई खाली बसें भी पहुँचती हुई देखी गईं, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी भी वक्त प्रदर्शनकारी युवाओं को हिरासत में लिया जा सकता है. प्रदर्शन में शामिल कई युवा नीला पटका पहने हुए हैं और हाथों में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लेकर 'जय भीम' के नारे लगा रहे हैं. आंदोलनकारियों के हाथों में समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव और महात्मा गांधी के पोस्टर वाले बैनर भी दिखाई दे रहे हैं.

जालौन से आए आंदोलनकारी युवा

इस संसद मार्च में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी भारी संख्या में छात्र और युवा दिल्ली पहुँचे हैं. उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में स्थित जालौन जिले से आए एक युवा प्रदर्शनकारी ने बताया कि वे यहाँ अपने शिक्षा के अधिकार के लिए आए हैं. युवा का आरोप है कि बाबा साहब अंबेडकर ने जो शिक्षा का अधिकार देश को दिया था, उसमें आज कुछ लोग बेईमानी कर रहे हैं. उन्होंने सत्ता और अधिकारियों को चुनौती देते हुए कहा कि वे बाबा साहब और शहीद भगत सिंह के सपनों को पूरा करने के लिए आए हैं और सरकार के किसी भी अत्याचार के आगे पीछे नहीं हटेंगे.