CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर सुबह से ही माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है. आज प्रदर्शनकारियों ने संसद तक मार्च करने का एलान किया था, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और आरएएफ (RAF) के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाना शुरू कर दिया है. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर खींचतान और धक्का-मुक्की भी हुई. इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है, जिसके तहत किसी भी तरह के जमावड़े पर पूरी तरह से रोक है. पुलिस मुस्तैदी से रास्ता साफ कराने में जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT
सड़क पर प्रदर्शनकारियों का हंगामा
सुबह लगभग 7 बजे के बीच संसद मार्ग पर काफी संख्या में युवा इकट्ठा हो गए थे. इनमें से कुछ प्रदर्शनकारी नीला पटका पहने हुए थे और कुछ समाजवादी पार्टी छात्र सभा की टोपी लगाकर पुलिस के सामने नारेबाजी कर रहे थे. जब दिल्ली पुलिस और आरएएफ के जवानों ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारी वहीं सड़क पर बैठ गए. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी खींचतान देखने को मिली. इसी बीच दिल्ली में तेज बारिश भी शुरू हो गई, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शनकारी डटे रहे. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए भीड़ को खदेड़कर वापस जंतर-मंतर प्रोटेस्ट साइट की तरफ भेज दिया ताकि संसद जाने वाला रास्ता साफ हो सके.
इलाके में धारा 163 लागू
दिल्ली पुलिस की तरफ से संसद मार्ग पर एक बड़ा चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. इस बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शनकारियों को सूचित किया गया है कि क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. इसके तहत यहाँ किसी भी प्रकार का गैरकानूनी जमावड़ा, सभा या मजमा पूरी तरह से प्रतिबंधित है. प्रशासन ने कल से ही इसकी चेतावनी देना शुरू कर दिया था. पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति धारा 163 का उल्लंघन करता है और शांतिपूर्ण तरीके से तुरंत यहाँ से नहीं हटता है, तो उसके खिलाफ जरूरत के अनुसार बल का प्रयोग किया जाएगा.
विपक्षी पार्टियों के जुटने की उम्मीद
जंतर-मंतर पर आज संसद मार्च के लिए अनशन पर बैठे अभिजीत दीपके ने कॉल किया था. उनका मुख्य लक्ष्य प्रदर्शनकारियों के साथ मिलकर संसद तक जाना है. इस आंदोलन को लेकर विपक्षी पार्टियां भी सक्रिय नजर आ रही हैं. सुबह के समय ही समाजवादी पार्टी छात्र सभा के कई नेता प्रदर्शन में शामिल होकर नारेबाजी करते दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि विपक्षी पार्टियों ने सुबह 9 बजे का समय दिया है, जिसके बाद आम आदमी पार्टी (AAP) समेत देश की तमाम बड़ी राजनीतिक पार्टियां भी इस प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं. पुलिस के सामने इस मार्च को रोकने की बड़ी चुनौती है क्योंकि जंतर-मंतर से संसद की दूरी महज 500 मीटर है.
ADVERTISEMENT










