सोनम वोंगचुक के समर्थन में उतरे अखिलेश यादव, सरकार पर बरसे...ये सब बोले

यूपी तक

• 05:10 PM • 18 Jul 2026

Jantar Mantar Protest: सोनम वोंगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है. उनकी पत्नी गीतांजलि ने हाईकोर्ट के आदेश को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है.

Google CTA

Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वोंगचुक को हटाए जाने के बाद अब राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है. विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं तक ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है.

यह भी देखें...

वहीं सोनम वोंगचुक की पत्नी गीतांजलि ने भी उनकी अस्पताल में भर्ती किए जाने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि हाईकोर्ट ने सिर्फ नियमित स्वास्थ्य जांच की बात कही थी, लेकिन जबरन अस्पताल ले जाने का कोई आदेश नहीं दिया था.

पत्नी गीतांजलि बोलीं- हाईकोर्ट के आदेश को गलत तरीके से पेश किया गया

सोनम वोंगचुक की पत्नी गीतांजलि ने कहा कि कोर्ट ने किसी भी व्यक्ति के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की बात कही थी, लेकिन अस्पताल में भर्ती करने का निर्देश नहीं दिया था.

उन्होंने कहा कि सोनम वोंगचुक का इलाज नहीं चल रहा है, बल्कि सिर्फ उनकी निगरानी और कुछ मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं. उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि कुछ पैरामीटर को दूसरी लैब से क्रॉस चेक कराया जा रहा है. गीतांजलि के मुताबिक, सोनम अभी भी अनशन पर हैं और सिर्फ पानी में नमक लेकर अपना अनशन जारी रखे हुए हैं.

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप

इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर हमला बोला. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सोनम वोंगचुक को बल प्रयोग करके अनशन स्थल से हटाना बेहद निंदनीय है. उन्होंने मांग की कि कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान सार्वजनिक की जाए. उन्होंने कहा कि सोनम वोंगचुक का इलाज न्यायिक निगरानी में होना चाहिए क्योंकि उनका जीवन पर्यावरण संरक्षण, लोकतांत्रिक मूल्यों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण है.

सपा नेताओं ने जंतर-मंतर पहुंचकर दिया समर्थन

बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव ने फोन पर सोनम वोंगचुक से बातचीत कर उनका हालचाल जाना था और उनसे अनशन खत्म करने की अपील भी की थी. उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी उनके आंदोलन के साथ खड़ी है.

इसके बाद सपा के कई सांसद और नेता जंतर-मंतर पहुंचे थे. अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं और आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात की थी.

डिंपल यादव ने भी सरकार पर साधा निशाना

सोनम वोंगचुक को हटाए जाने के बाद डिंपल यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे लोकतंत्र और संविधान से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध की आवाज को दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. फिलहाल सोनम वोंगचुक के मामले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है. वहीं प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अलग पक्ष सामने आने की संभावना है.