कौन हैं नेहा बोरा? सोनम वांगचुक के साथ भूख हड़ताल पर बैठी JNU की छात्रा क्यों हो रही हैं वायरल?

यूपी तक

• 09:31 AM • 18 Jul 2026

Sonam Wangchuk Hunger Strike: दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन और सोनम वांगचुंग की भूख हड़ताल जारी है. नेहा बोरा समेत कई छात्र इस आंदोलन में शामिल हैं. उनके स्वास्थ्य की चिंता जताई जा रही है.

Google CTA

Sonam Wangchuk Hunger Strike: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा छात्रों का प्रदर्शन और भूख हड़ताल लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. आंदोलन की अगुवाई कर रहे सोनम वांगचुक के साथ अनशन पर बैठीं छात्र नेता नेहा बोरा की बिगड़ती सेहत को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चिंता जताई जा रही है. कई नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सार्वजनिक हस्तियों ने अनशन खत्म करने की अपील की है.

यह भी देखें...

सोनम वांगचुक के साथ नेहा बोरा भी भूख हड़ताल पर

जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के साथ तीन अन्य लोग भी अनशन पर बैठे हैं, जिनमें जेएनयू की शोध छात्रा और छात्र नेता नेहा बोरा भी शामिल हैं. प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने वाले कई लोग सोनम के साथ-साथ नेहा की तबीयत का भी हालचाल ले रहे हैं.

सोशल मीडिया पर नेहा बोरा को लेकर बढ़ी चिंता

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा किया है कि लंबे समय से भूख हड़ताल के कारण नेहा बोरा की तबीयत लगातार खराब हो रही है. पोस्टों में कहा जा रहा है कि उनका वजन 7-8 किलो तक कम हो गया है, ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल भी गिर गया है. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने अनशन खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि आंदोलन अपनी जगह है, लेकिन छात्रों की जान उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है.

विपक्षी नेताओं ने भी जताया समर्थन

प्रदर्शन को लेकर कई विपक्षी दलों के नेता जंतर-मंतर पहुंचे. समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने भी प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की. इस दौरान सांसद प्रिया सरोज समेत कई नेताओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं.

कौन हैं नेहा बोरा?

नेहा बोरा जेएनयू की पीएचडी शोधार्थी हैं और छात्र राजनीति से जुड़ी हुई हैं. वह छात्र-युवा मुद्दों पर लगातार मुखर रही हैं. सोशल मीडिया पर उन्हें कई लोग "जेएनयू की आवाज" और "वायरल स्टूडेंट लीडर" जैसे नामों से भी संबोधित करते हैं.

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक नेहा मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं. उनके पिता पूर्व सैनिक बताए जाते हैं. छात्र आंदोलनों में सक्रिय भूमिका के कारण वह लगातार चर्चा में रहती हैं.

पहले भी आंदोलन के दौरान हुई थीं वायरल

नेहा बोरा इससे पहले उत्तर प्रदेश में लेखपाल और पुलिस भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के दौरान भी चर्चा में आई थीं. उस समय मंच से दिए गए उनके भाषण और नारे सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे.

कई विवादों में भी आया नाम

नेहा बोरा का नाम कुछ विवादों से भी जुड़ा रहा है. जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान लगाए गए कुछ नारों को लेकर विरोधियों ने सवाल उठाए थे. इसके अलावा स्वतंत्र पत्रकार रुचि तिवारी के साथ कथित विवाद का मामला भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा. हालांकि इन आरोपों पर अलग-अलग पक्षों के अपने-अपने दावे हैं.

केंद्र सरकार पर उठ रहे सवाल

भूख हड़ताल के कई दिन बीत जाने के बाद भी आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है. विपक्षी दल और आंदोलन से जुड़े लोग सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर बातचीत करने और अनशन समाप्त कराने की अपील कर रहे हैं.

नोट: इस खबर में सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों और विभिन्न पक्षों के बयानों का उल्लेख किया गया है. जिन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, उन्हें उसी रूप में प्रस्तुत किया गया है.