Jantar Mantar Protest: कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन में पहुंचे कुणाल कामरा के भाषण का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसको लेकर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है. कुणाल कामरा नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में छात्रों और अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक के समर्थन में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मंच से सरकार पर निशाना साधते हुए कई बयान दिए, जिनमें से कुछ हिस्सों को लेकर विवाद खड़ा हो गया.
ADVERTISEMENT
भगवान राम को लेकर बयान पर विवाद
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुणाल कामरा कहते नजर आ रहे हैं, "देखा है कि यह लोग बस सीता के पति का नाम ले-लेकर नीता के पति का काम कर रहे हैं."
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने आपत्ति जताई. कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के मंच से हिंदू आस्था से जुड़े भगवान राम के नाम को लेकर टिप्पणी की गई. वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे राजनीतिक व्यंग्य बताते हुए कुणाल कामरा का समर्थन भी किया.
चंद्रशेखर आजाद के साथ साझा किया मंच
यह कार्यक्रम 15 जुलाई को जंतर-मंतर पर आयोजित किया गया था. इस दौरान भीम आर्मी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद भी मंच पर पहुंचे थे. कुणाल कामरा ने चंद्रशेखर आजाद के साथ मंच साझा किया.
चंद्रशेखर आजाद ने भी कुणाल कामरा के मंच पर पहुंचने को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि वह "रिस्क पर आए हैं." इस दौरान दोनों के बीच बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
कुणाल कामरा ने सरकार पर साधा निशाना
कुणाल कामरा ने अपने भाषण में केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने नीट परीक्षा विवाद और छात्रों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए.
उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों और सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन किया. साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर भी टिप्पणी की.
सोनम वांगचुक के समर्थन में पहुंचे थे कुणाल
बता दें कि जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है. इस आंदोलन में पर्यावरणविद सोनम वांगचुक समेत कई छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं.
कई विपक्षी नेताओं ने भी इस प्रदर्शन को समर्थन दिया है. समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों के नेता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर चुके हैं और उनसे अनशन खत्म करने की अपील कर चुके हैं.
पहले भी विवादों में रह चुके हैं कुणाल कामरा
कुणाल कामरा इससे पहले भी अपने बयानों और राजनीतिक व्यंग्य को लेकर विवादों में रह चुके हैं. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर किए गए एक पैरोडी वीडियो को लेकर भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा था.
उनके कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ और कानूनी विवाद की खबरें भी सामने आई थीं. इसके बाद से ही कुणाल कामरा लगातार राजनीतिक मुद्दों पर अपने बयानों को लेकर चर्चा में बने रहते हैं. फिलहाल जंतर-मंतर के मंच से दिए गए उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर दो पक्षों में बहस जारी है. कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर आलोचना कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT










