सोनम वांगचुक से मिलनी पहुचंही डिंपल यादव ने मंच से दिया बड़ा बयान, बोलीं- 'मैं मां हूं, अखिलेश पिता हैं... छात्रों का दर्द समझते हैं'

यूपी तक

• 11:10 AM • 17 Jul 2026

UP News: जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक के प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी का समर्थन मिल रहा है. सपा सांसद डिंपल यादव ने प्रदर्शन स्थल पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की और छात्रों-युवाओं के मुद्दों पर अपनी बात रखी.

Google CTA

UP News: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे सोनम वांगचुक के अनशन और प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी का लगातार समर्थन मिल रहा है. इसी कड़ी में मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव बुधवार को प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं और सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका समर्थन किया. इस दौरान डिंपल यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुद को मां और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को पिता बताते हुए छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर अपनी बात रखी.

यह भी देखें...

डिंपल यादव ने छात्रों के दर्द को समझने की बात कही

सोनम वांगचुक से मुलाकात के बाद मंच से संबोधित करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि वह एक मां हैं और छात्रों की परेशानियों और उनके सपनों को समझ सकती हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भी एक पिता हैं और वह भी युवाओं की आकांक्षाओं, उनके भविष्य और संघर्ष को समझते हैं. डिंपल यादव ने कहा कि बच्चों के सपने होते हैं, वे जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं और उनके भविष्य को लेकर सरकारों की जिम्मेदारी होती है.

'समाजवादी पार्टी छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है'

डिंपल यादव ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाती रही है और आगे भी उनका समर्थन करती रहेगी. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खुद को अकेला न समझें. उन्होंने कहा कि अगर युवा मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ेंगे तो उन्हें कोई भी हरा नहीं सकता.

19 दिनों से अनशन पर हैं सोनम वांगचुक

बता दें कि पर्यावरणविद और शिक्षाविद सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर लंबे समय से अनशन कर रहे हैं. डिंपल यादव ने उनके 19 दिनों के अनशन की सराहना करते हुए उनके संघर्ष को सलाम किया.

उन्होंने बताया कि कई छात्र भी इस आंदोलन में शामिल थे, जिनमें से कई की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने अनशन कर रहे छात्रों के हौसले की भी तारीफ की.

सपा नेताओं का लगातार मिल रहा समर्थन

जंतर-मंतर पहुंचने वाले सपा नेताओं में कौशांबी से सांसद पुष्पेंद्र सरोज और जौनपुर से सांसद प्रिया सरोज के बाद अब डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव भी शामिल हो गए हैं.

डिंपल यादव ने मंच से कहा कि 20 तारीख को समाजवादी पार्टी इस प्रदर्शन को अपना पूरा समर्थन देगी. उन्होंने प्रदर्शन से जुड़े लोगों को भरोसा दिलाया कि पार्टी युवाओं और छात्रों के साथ खड़ी है.

डिंपल यादव ने सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश में छात्र, युवा, किसान और व्यापारी कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों में डर का माहौल बनाया जा रहा है और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है.

उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई छात्रों ने परेशान होकर आत्महत्या तक कर ली, लेकिन सरकार की ओर से संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई.

अखिलेश यादव के शामिल होने की चर्चा

समाजवादी पार्टी के कई सांसदों के जंतर-मंतर पहुंचने के बाद अब चर्चा है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी 20 जुलाई को इस प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं और सोनम वांगचुक को अपना समर्थन दे सकते हैं.

हालांकि, अभी तक कांग्रेस की ओर से इस प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक समर्थन सामने नहीं आया है. वहीं, सपा नेताओं की लगातार मौजूदगी से इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिल रहा है.