17 दिन से भूखे सोनम वांगचुक से मिलने पहुंची सपा सांसद प्रिया सरोज...सरकार से बातचीत को लेकर कही ये बड़ी बात!

यूपी तक

• 12:41 PM • 15 Jul 2026

Sonam Wangchuk Protest: सोनम वांगचुक के अनशन का 17वां दिन जारी है. जंतर-मंतर पर उनकी बिगड़ती सेहत के बीच समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज उनसे मिलने पहुंचीं.

Google CTA

Sonam Wangchuk Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन लगातार जारी है. गुरुवार को उनके अनशन का 17वां दिन रहा. इस दौरान उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है. कई विपक्षी नेताओं और समर्थकों ने उनसे अनशन खत्म करने की अपील की, लेकिन सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर अब भी डटे हुए हैं. जंतर-मंतर पर यूपी तक की टीम भी मौजूद रही, जहां सोनम वांगचुक से मिलने समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज पहुंचीं. उन्होंने मंच के पास जाकर सोनम वांगचुक और आंदोलन से जुड़े लोगों से मुलाकात की. इस दौरान बड़ी संख्या में युवा और प्रदर्शनकारी भी जंतर-मंतर पर मौजूद रहे.

यह भी देखें...

सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने की अपील पर दिया जवाब

सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए लगातार लोग उनसे अनशन खत्म करने की अपील कर रहे हैं. हालांकि, सोनम वांगचुक ने साफ कहा कि उनसे अनशन खत्म करने के लिए सवाल न किया जाए, बल्कि सरकार से पूछा जाए कि वह अब तक बातचीत के लिए क्यों नहीं आई है. उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सरकार से संवाद की मांग दोहराई और कहा कि आंदोलन का उद्देश्य अपनी बात सरकार तक पहुंचाना है.

जंतर-मंतर पर जुटे युवा, भर्तियों और पेपर लीक के मुद्दों पर प्रदर्शन

जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के समर्थन में युवाओं की बड़ी संख्या मौजूद है. प्रदर्शनकारी देशभर में भर्ती प्रक्रिया, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठा रहे हैं.

आंदोलन स्थल पर लगातार विपक्षी दलों के नेता भी पहुंच रहे हैं. समाजवादी पार्टी के सांसदों और विधायकों का जंतर-मंतर पहुंचने का सिलसिला जारी है. इससे पहले भी सपा नेताओं ने इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है.

प्रिया सरोज ने की सोनम वांगचुक से मुलाकात

सपा सांसद प्रिया सरोज ने जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक का हाल जाना. इस दौरान उन्होंने आंदोलन से जुड़े लोगों से भी बातचीत की. सोनम वांगचुक की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों ने चिंता जताई और उनसे स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अनशन खत्म करने की अपील की.

मौके पर मौजूद एक महिला समर्थक ने कहा कि देश को सोनम वांगचुक जैसे लोगों की जरूरत है और उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए अनशन खत्म कर देना चाहिए.

समर्थकों ने उठाए सरकार पर सवाल

जंतर-मंतर पर मौजूद लोगों ने भर्ती और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि युवाओं से जुड़े मामलों पर सरकार को गंभीरता से बातचीत करनी चाहिए. एक समर्थक ने कहा कि जब सरकार लोगों की आवाज नहीं सुनती तो आंदोलन ही एक रास्ता बचता है.

फिलहाल सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर अनशन जारी रखे हुए हैं. उनकी सेहत को लेकर समर्थकों और नेताओं की चिंता बढ़ती जा रही है. वहीं, अब सभी की नजर सरकार और आंदोलनकारियों के बीच होने वाली संभावित बातचीत पर टिकी हुई है.