Jantar Mantar Protest: सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और पशु अधिकार कार्यकर्ता मेनका गांधी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन में पहुंचीं और उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन दिया. वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने दावा किया कि मेनका गांधी के प्रदर्शन में शामिल होने से आंदोलन को नया मोड़ मिल गया है. हालांकि, इस वायरल दावे की पड़ताल में सामने आया कि वीडियो में नजर आ रही महिला मेनका गांधी नहीं बल्कि उनकी बहन अंबिका शुक्ला हैं.
ADVERTISEMENT
वायरल वीडियो में महिला को बताया गया था मेनका गांधी
सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे वीडियो में एक महिला को जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो के साथ दावा किया गया कि मेनका गांधी खुद CJP के प्रदर्शन में पहुंची हैं और उन्होंने आंदोलन का समर्थन किया है. कई यूजर्स ने इसे शेयर करते हुए इसे बड़ी राजनीतिक खबर बताया.
हालांकि, जांच में पता चला कि यह दावा गलत है. वीडियो में दिखाई दे रही महिला मेनका गांधी नहीं बल्कि उनकी बहन अंबिका शुक्ला हैं, जो खुद भी लंबे समय से पशु अधिकारों के क्षेत्र में काम कर रही हैं.
कौन हैं अंबिका शुक्ला?
अंबिका शुक्ला देश की जानी-मानी एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट हैं. वह अपनी बहन मेनका गांधी की तरह ही पशुओं के अधिकारों को लेकर आवाज उठाती रही हैं. वह पीपल फॉर एनिमल्स (PFA) संस्था से जुड़ी रही हैं और दिल्ली के संजय गांधी एनिमल केयर सेंटर से भी उनका संबंध रहा है अंबिका शुक्ला अक्सर स्ट्रीट डॉग्स, पालतू जानवरों और पशु कल्याण से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं.
12 जुलाई को पहुंची थीं जंतर-मंतर
जानकारी के मुताबिक, अंबिका शुक्ला 12 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंची थीं, जहां CJP का प्रदर्शन चल रहा था. उन्होंने वहां पहुंचकर आंदोलन से जुड़े लोगों और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की. उन्होंने CJP से जुड़े अभिजीत दीपके और भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक से भी मुलाकात की.
उन्होंने प्रदर्शन स्थल से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा कीं. अंबिका शुक्ला ने अपने पोस्ट में न्याय, करुणा और पशु कल्याण जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए आंदोलन के समर्थन की बात कही.
CJP प्रदर्शन और सोनम वांगचुक का अनशन
बता दें कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन चल रहा है, जिसमें शिक्षा व्यवस्था और कथित परीक्षा अनियमितताओं जैसे मुद्दों को लेकर आवाज उठाई जा रही है. इस आंदोलन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए हैं और उन्होंने भूख हड़ताल शुरू की है. उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर भी लगातार चर्चा हो रही है. इस प्रदर्शन को लेकर कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं.
मेनका गांधी को लेकर किया गया दावा निकला गलत
वीडियो में महिला का चेहरा मेनका गांधी से मिलता-जुलता होने की वजह से कई लोगों ने गलत पहचान कर ली. लेकिन फैक्ट चेक में साफ हुआ कि प्रदर्शन में पहुंचने वाली महिला मेनका गांधी नहीं बल्कि उनकी बहन अंबिका शुक्ला थीं.
इस तरह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा दावा भ्रामक निकला. प्रदर्शन में अंबिका शुक्ला की मौजूदगी सच है, लेकिन इसे मेनका गांधी की मौजूदगी बताना गलत है.
ADVERTISEMENT










