मम्मी-पापा मुझे बचा लो... हिमांशी की आखिरी चीख CCTV में हुई कैद, बेटी की आखिरी आवाज सुनकर कांप उठे माता-पिता!

यूपी तक

• 11:22 AM • 14 Jul 2026

Lucknow Himanshi Murder Case: लखनऊ में नवविवाहिता हिमांशी कश्यप की मौत के मामले में परिवार ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं. दावा किया जा रहा है कि CCTV फुटेज में घटना से जुड़े अहम सबूत मिले हैं.

Google CTA

Lucknow Himanshi Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. आरोप है कि शादी के महज 5 महीने बाद ही दहेज की मांग और प्रताड़ना के चलते हिमांशी कश्यप की हत्या कर दी गई. इस मामले में एक CCTV फुटेज सामने आने का दावा किया जा रहा है, जिसे पुलिस जांच में अहम सबूत माना जा रहा है.

यह भी देखें...

वीडियो में कथित तौर पर एक महिला हाथ में खुरपा लेकर हिमांशी की ओर जाती दिखाई दे रही है. वहीं अंदर से हिमांशी की चीखने की आवाजें सुनाई देने का दावा किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि वह बार-बार "मम्मी-पापा मुझे बचा लो" कहकर मदद मांग रही थी.

पिता बेटी को लेने पहुंचे, लेकिन घर पर लगा मिला ताला

यह मामला सीतापुर के तानसेनगंज निवासी पवन कुमार कश्यप की बेटी हिमांशी कश्यप से जुड़ा है. पवन कुमार ने 13 फरवरी 2026 को अपनी बेटी की शादी अटरिया के बिरसिंहपुर निवासी प्रदीप गौर से कराई थी. यह लव मैरिज थी और शादी के बाद हिमांशी काफी खुश थी.

परिवार के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही हालात बदलने लगे. आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर हिमांशी को परेशान किया जाने लगा. जब बेटी ने मदद के लिए फोन किया तो पिता उसे लेने ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां घर पर ताला लगा हुआ था और ससुराल के लोग गायब थे. इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया.

CCTV फुटेज में क्या दिखने का दावा?

हिमांशी के पिता का आरोप है कि पुलिस को एक CCTV फुटेज मिला है, जिसमें ससुराल पक्ष के कुछ लोग नजर आ रहे हैं. परिवार का दावा है कि फुटेज में एक महिला खुरपा लेकर हिमांशी को दौड़ाती दिखाई दे रही है और उस दौरान हिमांशी लगातार अपने माता-पिता से बचाने की गुहार लगा रही थी.

परिवार का यह भी आरोप है कि कुछ देर बाद हिमांशी के शव को कार में रखा गया और घर में ताला लगाकर आरोपी फरार हो गए. हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

पहले भी मारपीट का आरोप

हिमांशी के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद पहले भी उनकी बेटी के साथ मारपीट की घटना हुई थी. उन्होंने बताया कि उस समय दोनों परिवारों के बीच समझौता कराकर मामला शांत कर दिया गया था.

पिता के मुताबिक, उन्होंने पहले भी पुलिस में शिकायत दी थी. उनका कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी.

पति, ससुर समेत 7 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज

पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में पति प्रदीप गौर, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और अन्य टीमों को लगाया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

आरोपों और जांच के बीच बेटी की आखिरी आवाज बनी सवाल

हिमांशी की मौत के बाद परिवार के सामने उसकी मुस्कुराती तस्वीरें हैं और कानों में उसकी आखिरी गुहार "मम्मी-पापा मुझे बचा लो" गूंज रही है. इस घटना ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और शादी के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर पुलिस जांच और सामने आने वाले सबूतों पर है.