Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस के सात अलग-अलग मामलों में राजपाल यादव को तीन-तीन महीने की साधारण कारावास की सजा सुनाई है. कोर्ट के आदेश के मुताबिक ये सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी, इसलिए उन्हें कुल 3 महीने जेल में बिताने होंगे. सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने अभिनेता के रवैये को संदिग्ध बताया और कहा कि रकम चुकाने के कई मौके मिलने के बाद भी उन्होंने अपने वादों को पूरा नहीं किया है. इस फैसले के बाद अब यह संभव माना जा रहा है कि राजपाल यादव को एक बार फिर जेल जाना पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT
साल 2010 का है पूरा मामला
यह पूरा विवाद साल 2010 का है. राजपाल यादव ने बतौर डायरेक्टर अपनी फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए दिल्ली की एक फर्म 'मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' से करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. राजपाल यादव को यह रकम वापस लौटानी थी, लेकिन उनके द्वारा दिए गए चेक बाउंस हो गए. इसके बाद कंपनी ने उनके खिलाफ चेक बाउंस के सात मामले दर्ज कराए थे. इस मामले में पहले भी राजपाल यादव को दिल्ली की तिहाड़ जेल जाना पड़ा था, जिसके बाद वह जमानत पर बाहर आए थे.
राजपाल यादव ने रखा अपना पक्ष
इस पूरे विवाद पर अपना पक्ष रखते हुए राजपाल यादव ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह मामला सिर्फ 5 करोड़ रुपये का नहीं है. उन्होंने दावा किया कि फिल्म निर्माण के दौरान उन्हें 17 करोड़ रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा था. उनका कहना है कि सामने वाले व्यक्ति ने फिल्म का 70 फीसदी काम देखने के बाद पैसे लगाए थे, लेकिन बाद में फिल्म की वैल्यू खराब होने से उन्हें भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा था. उन्होंने कई बार कोर्ट के बाहर भी इस विवाद को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई.
न्यायालय और देश पर पूरा भरोसा
जमानत पर बाहर आने के बाद जब शाहजहांपुर के रहने वाले राजपाल यादव अपने गांव पहुंचे, तो उन्होंने इस विवाद पर बात की. उन्होंने कहा कि वे देश के कानून और न्यायालय का पूरा सम्मान करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वे एक कलाकार हैं और उन्हें सिर्फ अभिनय करना आता है. राजपाल यादव लगातार यह कहते रहे हैं कि वे इस मामले में कोर्ट की हर बात मानेंगे और अदालत के सामने अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे. फिलहाल कोर्ट के इस फैसले के बाद देखना होगा कि उनकी तरफ से अगला कदम क्या उठाया जाता है.
ADVERTISEMENT










