किसी का रिजल्ट अटका, तो किसी को नियुक्ति पत्र का इंतजार है! लखनऊ में बृजेश पाठक के आवास पर फरियाद लेकर पहुंचे अभ्यर्थी

यूपी तक

• 07:28 PM • 24 Aug 2026

Brajesh Pathak: उत्तर प्रदेश में भर्ती से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मिलने लखनऊ पहुंच रहे हैं. JE, जूनियर असिस्टेंट, वनरक्षक और स्वास्थ्य विभाग की भर्तियों से जुड़े छात्रों की शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

Google CTA

Brajesh Pathak: उत्तर प्रदेश में नौकरी की भर्तियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर छात्र लगातार लखनऊ पहुंच रहे हैं. उनका समस्याएं भी एक नहीं बल्कि अलग-अलग हैं. किसी का रिजल्ट रुका है, तो किसी को नियुक्ति पत्र का इंतजार है. इन दिनों ऐसे परेशान छात्रों का सबसे बड़ा सहारा बन गए हैं, राज्य के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक. उनके आवास पर रोज बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं और डिप्टी सीएम भी उनकी बातों को सुनकर तुरंत समाधान का भरोसा दे रहे हैं.

यह भी देखें...

छात्रों की फरियाद पर तुरंत एक्शन

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास पर पिछले कई दिनों से यूपी ट्रिपल एससी (UPSSSC) की जेई (JE), जूनियर असिस्टेंट, वनरक्षक और स्वास्थ्य विभाग की भर्तियों से जुड़े अभ्यर्थी आ रहे हैं. बृजेश पाठक न केवल छात्रों की समस्याओं को ध्यान से सुनते हैं, बल्कि वहीं खड़े-खड़े आयोग के चेयरमैन और संबंधित अधिकारियों को फोन भी लगा देते हैं.

'कुछ दिनों में दूर होंगी सभी शिकायतें'

डिप्टी सीएम ने बताया कि आज यानी 24 अगस्त को पूरे प्रदेश से अलग-अलग विभागों के युवा आए थे. किसी का रिजल्ट नहीं आया, किसी का मेडिकल रुका है, तो किसी को नियुक्ति पत्र नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि सभी छात्रों के पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं. इस महीने के अंत या अगले महीने के पहले हफ्ते तक सभी छात्रों की शिकायतें दूर कर ली जाएंगी.

विपक्ष पर साधा तीखा निशाना

छात्रों के मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है. उनकी साढ़े नौ साल की सरकार पर विपक्ष एक भी आरोप नहीं लगा पाया है. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब वे सत्ता में आए, प्रदेश में गुंडागर्दी और लूटपाट बढ़ी है. लेकिन आज यूपी विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवा इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं.

'जनता का काम करना मेरा दायित्व'

डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछले 9 सालों में ऐसा कोई दिन नहीं गया, जब वह लोगों से न मिले हों. जनता का काम करना उनका दायित्व है. उन्होंने कहा, "यूपी भर के लोग हमारे परिवार के सदस्य हैं. अगर इन्हें पीड़ा होगी, तो मुझे भी पीड़ा होगी." उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन चुका है और जनता विपक्ष के झूठे दावों पर कभी भरोसा नहीं करेगी.