'बनियान' में Bluetooth डिवाइज छिपाकर कर रह था नकल, UP STF ने आरोपी को पकड़ा

यूपी तक

• 05:07 PM • 24 Aug 2026

Lower PCS Cheating: लखनऊ में लोअर PCS मुख्य परीक्षा के दौरान एसटीएफ ने ब्लूटूथ डिवाइस से नकल कर रहे एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने चेकिंग से बचने के लिए खास डिजाइन की बनियान में ब्लूटूथ डिवाइस छिपा रखा था.

Google CTA

Lower PCS Cheating: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एसटीएफ (STF) ने लोअर पीसीएस (Lower PCS) की मुख्य परीक्षा में नकल करते हुए एक अभ्यर्थी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी ने चेकिंग से बचने के लिए एक खास तरह की बनियान पहनी थी, जिसमें बड़ी चालाकी से ब्लूटूथ डिवाइस छिपाया गया था. इस मामले का मास्टरमाइंड अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.

यह भी देखें...

ब्लूटूथ से नकल करता अभ्यर्थी गिरफ्तार

लखनऊ के महानगर इलाके में स्थित दयानंद कन्या इंटर कॉलेज में अवर अधीनस्थ सेवा की मुख्य परीक्षा चल रही थी. इसी दौरान एसटीएफ ने बृजेश यादव नाम के एक अभ्यर्थी को पकड़ लिया. एसटीएफ की पूछताछ में बृजेश ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. उसने बताया कि वह परीक्षा हॉल में अन्य छात्रों के बीच बैठकर बहुत ही शातिर तरीके से ब्लूटूथ के जरिए नकल कर रहा था.

एक लाख में मिली खास बनियान

इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड प्रयागराज का रहने वाला रमेश चंद्र पटेल है. जांच में सामने आया है कि रमेश ने नकल कराने के लिए बृजेश यादव से एक लाख रुपये लिए थे. इसके बदले में उसने बृजेश को एक खास डिजाइन वाली बनियान दी थी. इस बनियान के अंदर एक नकली पॉकेट बनाई गई थी, जिसमें ब्लूटूथ डिवाइस को आसानी से छिपाया जा सके.

चेकिंग को भी दे दिया चकमा

आरोपी की बनियान का डिजाइन इतना शातिर था कि परीक्षा केंद्र के गेट पर होने वाली शुरुआती चेकिंग में वह किसी की नजर में नहीं आया. वह आराम से ब्लूटूथ डिवाइस लेकर अंदर गया और अपनी सीट पर बैठ गया. लेकिन, परीक्षा के दौरान जब उस पर शक हुआ और एसटीएफ ने सख्ती से पूछताछ की, तब जाकर इस हाईटेक नकल का पर्दाफाश हुआ. बाहर बैठा रमेश ही उसे सभी सवालों के जवाब बता रहा था.

मास्टरमाइंड रमेश की तलाश हुई तेज

एसटीएफ के मुताबिक, मास्टरमाइंड रमेश कोई नौसिखिया नहीं है. वह इससे पहले भी कई परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को इसी तरीके से नकल करवा चुका है. फिलहाल, एसटीएफ ने बृजेश यादव के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं, फरार मास्टरमाइंड रमेश चंद्र पटेल की गिरफ्तारी के लिए टीमें अलग-अलग जगहों पर लगातार दबिश दे रही हैं.