संभल से विदाई पर भावुक हुए ‘सुपर कॉप’ के.के. बिश्नोई, IPS पत्नी अंशिका ने किया ये इमोशनल पोस्ट

यूपी तक

• 03:43 PM • 23 Aug 2026

SP KK Bishnoi: यूपी के चर्चित 'सुपर कॉप' और संभल के एसपी के.के. बिश्नोई का ट्रांसफर संभल से बिजनौर हो गया है. जिसके चलते वो संभल में विदाई समारोह के दौरान फूट-फूट कर रो पड़े. पति को भावुक होता देख, पत्नी अंशिका वर्मा ने इंस्टाग्राम पर भावुक करने पोस्ट शेयर किया है.

Google CTA

SP KK Bishnoi: 'मुझे आप पर हमेशा गर्व है. आपके अगले असाइनमेंट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.' यह प्यारा और भावुक संदेश यूपी की एक महिला आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा ने अपने पति के लिए लिखा है. यूपी के चर्चित 'सुपर कॉप' और संभल के एसपी के.के. बिश्नोई का ट्रांसफर संभल से बिजनौर हो गया है. जिसके चलते वो संभल में विदाई समारोह के दौरान फूट-फूट कर रो पड़े. पति को भावुक होता देख, बरेली में एसपी (साउथ) के पद पर तैनात उनकी पत्नी अंशिका वर्मा ने इंस्टाग्राम पर उनकी एक तस्वीर के साथ यह स्टोरी शेयर की है. दो आईपीएस अधिकारियों का यह प्यार और एक-दूसरे के प्रति सम्मान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी देखें...

संभल हिंसा याद कर भावुक हुए

बीते शनिवार को संभल पुलिस लाइन में एसपी के.के. विश्नोई का विदाई समारोह आयोजित किया गया था. मंच से अपने दो साल के अनुभव साझा करते हुए जैसे ही उन्होंने 24 नवंबर की हिंसा का जिक्र किया, उनका गला भर आया. उन्होंने उस मुश्किल वक्त में अपनी जान की परवाह किए बिना डटे रहने वाले पुलिसकर्मियों का दिल से आभार जताया. उन्होंने कहा कि उपद्रवियों पर काबू पाना किसी एक अधिकारी की नहीं, बल्कि पूरी संभल पुलिस की जीत थी.

आईपीएस पत्नी ने किया खास पोस्टॉ

विदाई के इन भावुक पलों के बीच, के.के. विश्नोई की पत्नी और बरेली में एसपी (साउथ) के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा का एक पोस्ट भी चर्चा में आ गया. अंशिका वर्मा ने इंस्टाग्राम पर अपने पति की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- 'मुझे आप पर हमेशा गर्व है, अगले असाइनमेंट के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.' सोशल मीडिया पर लोग इन दोनों अधिकारियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

उपद्रवियों पर लिया था सख्त एक्शन

के.के. विश्नोई का कार्यकाल संभल में काफी चुनौतीपूर्ण रहा है. संभल हिंसा के बाद सीएम योगी के निर्देश पर उन्होंने दंगाइयों पर कड़ा एक्शन लिया था. पुलिस ने फरार आरोपियों के पोस्टर सीधे विवादित जामा मस्जिद की दीवार पर चिपका दिए थे. इसके अलावा हिंसा के मास्टरमाइंड 'शिको साठा गैंग' के गुर्गों को सलाखों के पीछे भेजकर उन पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की गई थी.

मस्जिद के सामने बनाई पुलिस चौकी

भविष्य में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एसपी ने जिले की सीमाओं पर 10 बैरियर और 39 नई पुलिस चौकियां बनवाईं. इनमें सबसे बड़ा और ऐतिहासिक फैसला विवादित जामा मस्जिद के ठीक सामने 'सत्यव्रत पुलिस चौकी' का निर्माण करना था, जहां कंट्रोल रूम भी बनाया गया. इसके अलावा पूरे इलाके में 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और जिले में एटीएस (ATS) की स्थापना के लिए भी उन्होंने पैरवी की.

गाड़ी को धक्का देकर दी विदाई

विदाई के आखिरी पलों में अधिकारियों का एक अलग ही प्यार देखने को मिला. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने फूलों से सजी एसपी की सरकारी गाड़ी को खुद धक्का देकर उन्हें रवाना किया. आपको बता दें कि के.के. विश्नोई को अब बिजनौर जिले का एसपी बनाया गया है. वहीं, बाराबंकी से आए आईपीएस विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है.