Kanpur Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस लाइन में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के मेडिकल टेस्ट में बड़ा बवाल सामने आया है. 15 अक्टूबर को आयोजित इस शारीरिक और मेडिकल परीक्षण में लगभग 200 अभ्यर्थी शामिल होने पहुंचे थे. अभ्यर्थियों का गंभीर आरोप है कि वहां जांच करने आए डॉक्टर उन्हें जानबूझकर अनफिट बता रहे थे और पास करने के बदले हजारों रुपये की रिश्वत मांग रहे थे. घूसखोरी का यह मामला सामने आने के बाद गुस्साए छात्रों ने जमकर हंगामा किया. सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स और होमगार्ड कमांडेंट मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए दो डॉक्टरों और एक ड्राइवर को हिरासत में लिया है और उस दिन की परीक्षा रद्द कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
जानबूझकर अनफिट कर मांगे गए पैसे
होमगार्ड भर्ती के लिए आए अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि ईएनटी विशेषज्ञ डॉक्टर प्रवीण हर दूसरे युवा को नाक की हड्डी टेढ़ी या नौकनी की समस्या बताकर अनफिट कर रहे थे. छात्रों का दावा है कि बुलाए गए 200 अभ्यर्थियों में से करीब 70 से 80 लोगों को जानबूझकर अनफिट बताया गया. इसके बाद डॉक्टर एक पर्ची पर अपना मोबाइल नंबर लिखकर देते थे और बाहर खड़ी एक गाड़ी के पास जाकर अपने आदमियों से संपर्क करने को कहते थे.
अभ्यर्थियों से मांगे गए हजारों रुपये
छात्रों ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में फिट करने के लिए 15 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक की भारी भरकम मांग की जा रही थी. जिन अभ्यर्थियों के पास नकद पैसे नहीं थे, उनसे गूगल पे जैसे ऑनलाइन माध्यमों से सीधे बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करवाए गए. अभ्यर्थियों ने यह भी दावा किया कि डॉक्टर की यूपी 78 जे 8030 नंबर वाली कार में काफी पैसे रखे हुए हैं. हालांकि, जब पुलिस ने उस कार की तलाशी ली तो उसका शीशा टूटा हुआ मिला और अंदर से कोई पैसा बरामद नहीं हुआ.
दो डॉक्टर और ड्राइवर हिरासत में
हंगामा बढ़ने के बाद कोतवाली थाना पुलिस और होमगार्ड जिला कमांडेंट प्रीति शर्मा मौके पर पहुंचीं. पुलिस के मुताबिक, कुछ अभ्यर्थियों ने पैसे के लेनदेन को लेकर डॉक्टर के साथ हाथापाई भी की थी. होमगार्ड कमांडेंट की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. इस मामले में पुलिस ने ईएनटी डॉक्टर प्रवीण, ईएनटी सर्जन डॉक्टर द्विवेदी और उनके ड्राइवर अजीत को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT










