उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह इन दिनों अपनी लव स्टोरी और होने वाली शादी को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक यह चर्चा जोरों पर है कि संदीप सिंह अपनी स्कूल की दोस्त और बचपन के प्यार से शादी करने जा रहे हैं. हाल ही में संदीप सिंह ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शादी का कार्ड भी दिया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं. राजनीति में संदीप सिंह की एक अलग पहचान है. उनके पिता राजवीर सिंह एटा से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और मां प्रेमलता देवी अतरौली से विधायक रही हैं. 2017 और 2022 में लगातार अतरौली से विधायक बने संदीप सिंह के जीवन में अब एक नया और अहम पड़ाव आने वाला है.
ADVERTISEMENT
कौन हैं दुल्हन मेघना चौधरी?
संदीप सिंह की होने वाली जीवनसंगिनी का नाम मेघना चौधरी है. मेघना मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक के रुदायन (तारापुर) गांव की रहने वाली हैं, हालांकि उनका परिवार पिछले कई सालों से गाजियाबाद में रह रहा है. मेघना के दादा राधेश्याम चौधरी भारतीय नौसेना से रिटायर हुए हैं और उनके पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी और जूते के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं. मेघना ने कानून (लॉ) की पढ़ाई की है और उच्च शिक्षा के लिए विदेश भी गई थीं.
स्कूल के दिनों से शुरू हुई लव स्टोरी
संदीप और मेघना की लव स्टोरी की शुरुआत स्कूल के दिनों में हुई थी. दोनों की पहली मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में हुई थी, जहां दोनों साथ पढ़ते थे. संदीप मेघना से सीनियर थे और उन्होंने 2012 में स्कूल की पढ़ाई पूरी कर ली थी. इसके बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए, लेकिन वे एक-दूसरे के संपर्क में रहे. यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप होने के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को संभाले रखा और अब यह मोहब्बत शादी के मुकाम तक पहुंच गई है.
परिवार को मनाने में आई थीं अड़चनें
इस प्रेम कहानी को शादी तक पहुंचाने का सफर इतना आसान नहीं था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2024 में जब दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत शुरू हुई, तो शुरुआत में कुछ पारिवारिक मतभेद सामने आए. संदीप का परिवार गाजियाबाद में मेघना के परिवार से मिलने भी गया, लेकिन पहली मुलाकात में बात नहीं बन पाई. कहा यह भी जाता है कि संदीप के परिवार में किसी को इस रिश्ते पर एतराज था. हालांकि, संदीप लगातार अपने परिवार को मनाने की कोशिश में लगे रहे और आखिरकार परिवार शादी के लिए राजी हो गया.
27 नवंबर को होगी दोनों भाइयों की शादी
कल्याण सिंह के परिवार में सिर्फ एक नहीं, बल्कि दो-दो शहनाइयां बजने जा रही हैं. संदीप सिंह के साथ-साथ उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की भी शादी हो रही है, जिनकी सगाई अंतरा त्यागी से तय हुई है. दोनों भाइयों की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ के ताला नगरी इलाके में एक भव्य समारोह में होगी. इसके बाद 27 नवंबर को दिल्ली में दोनों भाई शादी के बंधन में बंधेंगे. इस शादी में राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियां और नेता शामिल हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश सरकार ने इन कर्मचारियों को दिया दिवाली गिफ्ट, मिलेगा 30 दिन का बोनस, शासनादेश जारी
ADVERTISEMENT










