बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने लखनऊ स्थित बीएसपी स्टेट कार्यालय पर सभी 75 जिलों के पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की. इस बैठक में मायावती ने आगामी चुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की और कई बड़े ऐलान भी किए. बसपा कार्यकर्ताओं को लंबे समय से इंतजार था कि पार्टी सुप्रीमो जमीन पर कब उतरेंगी. इसका जवाब देते हुए मायावती ने घोषणा की है कि 6 दिसंबर को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर वह लखनऊ के सामाजिक परिवर्तन स्थल पर एक विशाल श्रद्धा सुमन समारोह करेंगी. इस समारोह में उनके भतीजे और नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद भी मौजूद रहेंगे. माना जा रहा है कि पार्टी अब आकाश आनंद को भी कई अहम चुनावी रैलियों की जिम्मेदारी सौंपने जा रही है.
ADVERTISEMENT
ईवीएम पर बीएसपी का पुराना स्टैंड
बैठक के दौरान मायावती ने ईवीएम का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि आज जो मुद्दा पूरा विपक्ष उठा रहा है, उसका सबसे पहले विरोध बहुजन समाज पार्टी ने ही किया था. बसपा सुप्रीमो ने कहा कि राजनीति के अपराधीकरण, धनबल और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से बहुजन समाज के वोटों को हमेशा प्रभावित किया गया. इसके बाद जब ईवीएम के जरिये वोटिंग पर सवाल उठे, तो सबसे पहले बीएसपी ने ही इसका कड़ा विरोध किया था. आज देश की अधिकतर जनता भी मानती है कि चुनाव बैलेट पेपर से ही होने चाहिए.
कांग्रेस पर हमला, सपा पर चुप्पी
बैठक के बाद पार्टी की ओर से जारी प्रेस नोट में चुनावी धांधली को लेकर कांग्रेस पार्टी पर कड़ा निशाना साधा गया. मायावती ने स्पष्ट तौर पर कहा कि चुनावी गड़बड़ियों के मामले में कांग्रेस का दामन भी हमेशा से दागदार रहा है. लेकिन इस पूरी प्रेस रिलीज में खास बात यह रही कि इसमें समाजवादी पार्टी का कहीं कोई सीधा जिक्र या उस पर कोई हमला नहीं दिखा, जिससे कई तरह के नए सियासी कयास भी लगाए जा रहे हैं.
आकाश आनंद को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
इस बैठक में बसपा के नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद ने सबसे पहले मायावती के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आने वाले चुनावों में युवाओं और सभी वर्गों के वोटर्स को जोड़ने के लिए आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी. आकाश आनंद हाल ही में बुलंदशहर और सहारनपुर में रैली कर चुके हैं और आने वाले दिनों में वह अयोध्या सहित कई अन्य जिलों में भी रैलियां करते हुए नजर आएंगे. वहीं, बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने संकल्प लिया है कि मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए बहुजन समाज एकजुट होकर वोट करेगा.
यह भी पढ़ें: AMU छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित, नोमान अशरफ अध्यक्ष, नशरा नईम उपाध्यक्ष और मोहम्मद हमदान बने सचिव
ADVERTISEMENT










