जौनपुर में दुर्गा पूजा में गई मासूम बच्ची का अपहरण, जंगल में हुई घिनौनी हरकत, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

यूपी तक

• 12:23 PM • 18 Oct 2026

Jaunpur Girl Abduction Case: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दुर्गा पूजा की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब एक पंडाल से 5 साल की मासूम बच्ची अचानक गायब हो गई. यह खौफनाक घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां शुक्रवार देर रात घर से कुछ ही दूरी पर सजे पंडाल में गई बच्ची को गांव का ही एक शख्स उठा ले गया.

Google CTA

Jaunpur Girl Abduction Case: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दुर्गा पूजा की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब एक पंडाल से 5 साल की मासूम बच्ची अचानक गायब हो गई. यह खौफनाक घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की है, जहां शुक्रवार देर रात घर से कुछ ही दूरी पर सजे पंडाल में गई बच्ची को गांव का ही एक शख्स उठा ले गया. काफी तलाश और माइक से अनाउंसमेंट के बाद ग्रामीणों ने बच्ची को जंगल में नदी किनारे बदहवास हालत में पाया. इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है, क्योंकि इसी गांव में बीते जून महीने में भी एक 4 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात हो चुकी है.

यह भी देखें...

बच्ची को जंगल ले गया आरोपी

बच्ची की मां ने बताया कि उसकी बेटी रात में दुर्गा पूजा देखने पंडाल गई थी. कुछ देर बाद जब वह नहीं दिखी, तो घबराई हुई मां ने गांव में माइक से अनाउंसमेंट करवाई. इसके बाद गांव वालों ने मिलकर तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान ग्रामीण जब नदी किनारे जंगल की तरफ पहुंचे, तो बच्ची गांव के ही एक युवक के साथ मिली. परिजनों का कहना है कि आरोपी ने बच्ची का मुंह दबाया था और उसे जबरदस्ती उठाकर ले गया था.

बच्ची के साथ मारपीट और दरिंदगी

मां ने आरोप लगाया है कि शराब के नशे में धुत आरोपी ने बच्ची के साथ घिनौनी हरकत की और बुरी तरह मारपीट की. जब बच्ची ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसका गला दबाकर जान लेने और नदी में फेंकने की कोशिश की. पीड़ित मां का कहना है कि पुलिस अपनी तरफ से गलत काम ना होने की बात कह रही है, जबकि उन्होंने खुद अपनी बेटी की तकलीफ देखी है. परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने नहीं बल्कि गांव वालों ने ही आरोपी को पकड़कर सौंपा है.

पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा

इस मामले में जफराबाद पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जांच में सामने आया है कि आरोपी पर पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है. फिलहाल, पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी.