Yogi Ki Pati: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर एक बार फिर से 'योगी की पाती' लिखी है. इस बार उनका यह संदेश राज्य के युवाओं यानी 'जेन-जी' के लिए बेहद खास है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पाती शेयर करते हुए सीएम योगी ने 'हर घर तिरंगा' अभियान की सफलता पर सबको बधाई दी है. इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को उनके कर्तव्यों की याद दिलाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का बड़ा संदेश दिया है.
ADVERTISEMENT
पांच करोड़ घरों में फहरा तिरंगा
सीएम योगी ने अपनी पाती की शुरुआत करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का जो महायज्ञ शुरू हुआ था, वह आज पूरा हो रहा है. उन्होंने 'हर घर तिरंगा' अभियान में पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लेने के लिए सभी प्रदेशवासियों को दिल से बधाई और ढेरों शुभकामनाएं दीं है.
जब 26 साल के थे सीएम
युवाओं को प्रेरित करने के लिए सीएम योगी ने योगी की पाती में अपने युवा दिनों का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि जब वह महज 26 साल की उम्र में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए थे, तभी उन्होंने सार्वजनिक जीवन का व्रत ले लिया था. उन्होंने बताया कि तब से लेकर आज तक उनके लिए राष्ट्र सेवा और जनसेवा का आदर्श ही सबसे ऊपर रहा है.
वीर सपूतों और महापुरुषों की याद
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश के लिए जान देने वाले वीरों को नमन किया है. उन्होंने बाबू बंधु सिंह, खुदीराम बोस, राजेंद्रनाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह और राम प्रसाद बिस्मिल का उदाहरण दिया, जिन्होंने छोटी सी उम्र में देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था. इसके अलावा उन्होंने आदि शंकराचार्य और स्वामी विवेकानंद का भी जिक्र किया, जिन्होंने अपनी युवावस्था में ही भारत का ज्ञान पूरी दुनिया में फैलाया था.
युवाओं के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी
सीएम ने युवाओं को समझाते हुए कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का सबसे सुनहरा दौर होता है. यही वह समय है जब यह तय होता है कि हमारी ऊर्जा सिर्फ हमारे भविष्य को संवारेगी या समाज और देश को भी एक नई दिशा देगी. उन्होंने बताया कि आज उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के ढेरों अवसर दे रही है, जिसका उन्हें लाभ उठाना चाहिए.
जात-पात भूलकर राष्ट्र निर्माण करें
अपनी पाती के आखिरी हिस्से में सीएम योगी ने युवाओं से जात-पात से ऊपर उठकर एकता और भाईचारे का रास्ता चुनने की अपील की है. उन्होंने युवाओं से कहा कि वे योग और व्यायाम को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं. सीएम ने कहा कि एक विकसित उत्तर प्रदेश बनाने का सपना युवाओं की ऊर्जा, अनुशासन और संकल्प से ही पूरा होगा, क्योंकि युवा शक्ति ही यूपी की सबसे बड़ी पूंजी है.
ADVERTISEMENT










