Satish Mahana Viral Video: यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो को लेकर विपक्ष ने उन पर लगाया है कि वो राष्ट्रगान पूरा किए बिना ही चले गए. लेकिन, अब इस वीडियो की पूरी सच्चाई सामने आ गई है और खुद विधानसभा अध्यक्ष ने इस मामले पर अपना स्पष्टीकरण दिया है. उन्होंने बताया वायरल वीडियो में जो दावा किया जा रहा है वो गलत और भ्रामक है.
ADVERTISEMENT
विपक्ष ने लगाए थे गंभीर आरोप
वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने बीजेपी बड़ा आरोप लगाया था. कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी नेता राष्ट्रगान के लिए 52 सेकंड भी नहीं रुक सके. उन्होंने इसे देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला बताया. वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी इसे राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए बीजेपी से कार्रवाई की मांग की है.
वीडियो के पीछे की असली सच्चाई
असल में यह वीडियो 22 अगस्त का है. सतीश महाना उन्नाव के एसबीएम इंटर कॉलेज में एक शैक्षिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे थे. शाम करीब 4 बजे जब वह वहां पहुंचे, तो बाहर पुलिस उन्हें प्रोटोकॉल के तहत 'गार्ड ऑफ ऑनर' दे रही थी. वीडियो में सुनाई दे रहा है कि उसी वक्त अंदर हॉल में भी राष्ट्रगान शुरू हो गया था.
सतीश महाना ने दी पूरी सफाई
बवाल बढ़ने के बाद 23 अगस्त को सतीश महाना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर भ्रम को दूर किया. उन्होंने बताया कि जिस समय उन्हें बाहर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था, संयोग से उसी समय अंदर ऑडिटोरियम में राष्ट्रगान शुरू हुआ. ये दोनों कार्यक्रम पूरी तरह से अलग थे और उस समय वह अंदर मौजूद ही नहीं थे.
राष्ट्रगान का करते हैं पूरा सम्मान
महाना ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि यह विश्लेषण बिल्कुल भ्रामक है कि वह राष्ट्रगान के समय नहीं रुके. उन्होंने कहा कि वह और उनके कार्यकर्ता हमेशा संविधान और राष्ट्रगान का सर्वोच्च सम्मान करते हैं. साथ ही, उन्होंने मीडिया और जनता से अपील की कि किसी भी वीडियो को शेयर करने से पहले उसके तथ्यों की जांच जरूर कर लें.
ADVERTISEMENT










