UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 के विधानसभा चुनाव होने हैं. जैसे-जैसे समय करीब आ रहा है, राज्य में सियासी हलचल भी तेज हो गई है. हमारे रिपोर्टर ने जनता के मन की बात जानने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की रोहनिया विधानसभा के 'विशुनपुर राजपूत' गांव के लोगों से बातचीत की है. करीब 500 साल पुराने और लगभग 800 मतदाताओं वाले इस गांव के लोगों ने विकास, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जमकर तारीफ की है.
ADVERTISEMENT
पक्की सड़कों से बदली गांव की तस्वीर
गांव में घुसते ही पक्की सड़कें, नए मकान, प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय दिखाई देते हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पहले बारिश के दिनों में सड़कें खराब हो जाती थीं. इससे शहर पहुंचना काफी मुश्किल होता था. लेकिन अब नई सड़क बनने से गांव सीधे शहर से जुड़ गया है. इसका सीधा फायदा बच्चों की पढ़ाई, किसानों और व्यापारियों को मिल रहा है.
महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता
गांव में महिला सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बनकर सामने आया है. गांव की महिलाओं और युवतियों का कहना है कि अब वे पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं. अब वे बिना किसी डर के स्कूल, कॉलेज और बाजार जाती हैं. सुरक्षा के साथ-साथ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर रोजगार भी कर रही हैं. कोई सिलाई कर रहा है तो कोई अन्य छोटे काम करके अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है.
किसानों और युवाओं को मिला लाभ
किसानों ने भी सरकार की योजनाओं पर खुशी जताई है. उनका कहना है कि सरकारी योजनाएं सीधे गांव तक पहुंच रही हैं. इससे खेती से जुड़ी सुविधाओं में सुधार हुआ है. वहीं, युवाओं का कहना है कि पहले अच्छी पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब शिक्षा के क्षेत्र में भी सुधार हो रहा है. युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए नई योजनाएं चलाई जा रही हैं.
योगी सरकार को 10 में 10 नंबर
गांव वालों का कहना है कि पहले थानों में उनकी शिकायतें नहीं सुनी जाती थीं, लेकिन अब हर बात सुनी जाती है. लोगों ने बीजेपी सरकार के कामों से संतुष्ट होकर इस सरकार को 10 में से 10 नंबर दिए हैं. विषपुर राजपूत गांव का आखिरी फैसला तो चुनाव के दिन ईवीएम में ही तय होगा, लेकिन फिलहाल यहां के लोग विकास और कानून व्यवस्था से पूरी तरह खुश नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT










