Ayodhya Government Schools: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से सरकारी स्कूलों को लेकर एक बड़ी खबर आई है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने एक नया आदेश जारी किया है. इस आदेश के तहत अब स्कूलों में किसी भी बाहरी व्यक्ति और यूट्यूबर्स के घुसकर वीडियो या फोटो बनाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. बीएसए साहब की यह चिट्ठी सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा चर्चा में बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
बाहरी लोगों की नो एंट्री
अयोध्या के बीएसए लालचंद्र ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों को लेकर एक नया फरमान जारी किया है. आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि अक्सर कुछ बाहरी लोग, यूट्यूबर और सोशल मीडिया से जुड़े लोग बिना किसी परमिशन के स्कूलों में घुस जाते हैं. वे स्कूल और वहां के स्टाफ का वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर देते हैं. अब ऐसे लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है.
शिक्षक और पढ़ाई होती है प्रभावित
बीएसए का कहना है कि बाहरी लोगों के इस तरह से वीडियो और फोटो बनाने से बच्चों की पढ़ाई काफी ज्यादा प्रभावित होती है. इसके साथ ही शिक्षक पद की गरिमा को भी ठेस पहुंचती है. ऐसे वीडियो वायरल होने से शिक्षा विभाग की छवि भी खराब होती है. इसलिए स्कूलों में पढ़ाई को सही ढंग से चलाने और शिक्षकों का सम्मान बनाए रखने के लिए यह सख्त फैसला लिया गया है.
जांच के लिए अधिकारी हैं मौजूद
चिट्ठी में यह भी साफ किया गया है कि स्कूलों में पढ़ाई कैसी हो रही है, शिक्षक आ रहे हैं या नहीं और स्कूल की बाकी व्यवस्थाएं कैसी हैं, यह सब चेक करने के लिए सरकार ने पहले से ही ऑथराइज्ड (अधिकृत) अधिकारी बनाए हैं. ये अधिकारी समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण करते हैं. अगर स्कूल में कोई भी लापरवाही पाई जाती है, तो उनके द्वारा नियम के अनुसार उचित कार्रवाई भी की जाती है.
बिना अनुमति फोटो-वीडियो पर रोक
इस नए आदेश के बाद अब जिले के किसी भी सरकारी स्कूल में कोई भी बाहरी व्यक्ति, यूट्यूबर या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिना किसी सक्षम अधिकारी की परमिशन के प्रवेश नहीं कर सकेगा. स्कूल परिसर के अंदर किसी भी तरह की फोटो खींचने या वीडियोग्राफी करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है. सोशल मीडिया पर लोग इस आदेश को लेकर खूब चर्चा कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT










