उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत झांसी जिले के ग्रामीण अंचल में बड़ा सामाजिक और आर्थिक बदलाव देखने को मिल रहा है. जिले के तेंदोल गांव में सालों से कच्चे और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर गरीब परिवारों को अब अपनी पक्की छत मिल चुकी है. बारिश और आंधी के डर में रातें गुजारने वाले इन लाभार्थियों के खातों में सरकार द्वारा सीधे ₹1,20,000 की आर्थिक सहायता भेजी गई जिससे उनके पक्के मकान का सपना साकार हुआ है. पक्का घर मिलने से गदगद लाभार्थी अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जता रहे हैं.
ADVERTISEMENT
झांसी के तेंदोल गांव के रहने वाले आजाद वंशकार, संजीव और ज्योति वंशकार की कहानी मुख्यमंत्री आवास योजना के जमीनी प्रभाव की बानगी पेश करती है.
आजाद वंशकार की कहानी
आजाद बताते हैं कि पहले उनका घर कच्चा था और बारिश के मौसम में पानी भरने के कारण परिवार को पूरी रात जागकर बितानी पड़ती थी. ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की जानकारी व मदद से उनका फॉर्म भरा गया. खाते में ₹1,20,000 की किस्तें आने के बाद उनका पक्का मकान बन सका. आजाद ने भावुक होकर कहा "भगवान की कृपा से पक्का मकान बन गया, हम मुख्यमंत्री जी को दिल से आशीर्वाद और धन्यवाद देते हैं."
संजीव को मिली राहत
लाभार्थी संजीव के अनुसार, बारिश में उनकी कच्ची छत से लगातार पानी टपकता था और दीवारें सीलन से भीग जाती थीं. योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया और स्वीकृति मिलने के बाद ₹1,20,000 की सहायता राशि से पक्का घर बनवाया.संजीव कहते हैं कि पक्की छत मिलने से उनकी परेशानियां कम हुई हैं और जीवन में स्थायित्व आया है.
ज्योति वंशकार का अनुभव
लाभार्थी ज्योति वंशकार का कहना है कि कच्चे मकान में रहना उनकी मजबूरी थी.हर मौसम नई मुसीबत लेकर आता था.गांव के लोगों और प्रधान के माध्यम से योजना की जानकारी मिली जिसके बाद उन्हें आर्थिक मदद मिली. आज वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सुख-सुविधाओं से युक्त पक्के मकान में रह रही हैं.
पारदर्शिता और आत्मसम्मान का प्रतीक
मुख्यमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य गरीबों को न केवल सिर छुपाने की जगह देना है बल्कि उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करना है. योजना के तहत मिलने वाली राशि बिना किसी मध्यस्थ के सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में स्थानांतरित की जाती है जिससे प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहती है. झांसी के तेंदोल गांव में आई यह तब्दीली इस बात का प्रमाण है कि योजनाएं जब धरातल पर पारदर्शी तरीके से लागू होती हैं तो वे आम जनमानस के जीवन स्तर और आत्मविश्वास को सीधा बल देती हैं.
ADVERTISEMENT










