Sambhal News: यूपी में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संभल के एक स्कूल में बड़ा हादसा हुआ है. स्कूल में 15 अगस्त का कार्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक स्कूल के मेन गेट पर बना छज्जा भरभराकर गिर गया. इस हादसे के मलबे के नीचे दबकर 8 साल के एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई है. इसके अलावा दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है.
ADVERTISEMENT
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान हादसा
यह दर्दनाक हादसा संभल के असमोली थाना क्षेत्र के मदाला गांव का है. गांव के अल हसनैन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था. स्कूल के बच्चे और गांव के लोग बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम को देखने के लिए इकट्ठा हुए थे. कार्यक्रम पूरे जोश के साथ चल रहा था, तभी अचानक स्कूल के मेन गेट का छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा.
दूसरे स्कूल का छात्र था मासूम
छज्जा गिरते ही वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही तीन बच्चे मलबे के नीचे दब गए. आनन-फानन में बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन 8 साल के निजामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई. निजामुद्दीन के परिवार वालों ने बताया कि वह इस स्कूल का छात्र नहीं था. वह 'लिटल चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल' में पढ़ता था और सुबह 9 बजे हाथ में तिरंगा लेकर सिर्फ कार्यक्रम देखने के लिए यहां आया था.
छत पर भीड़ होने से गिरा छज्जा
हादसे की खबर मिलते ही डीएम, एसपी, एसडीएम और शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. संभल के एसएसपी के.के. बिश्नोई ने बताया कि स्कूल की बिल्डिंग ज्यादा पुरानी या जर्जर नहीं थी. कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के लोग और बच्चे उस छज्जे के ऊपर चढ़ गए थे. जरूरत से ज्यादा वजन होने के कारण छज्जा नीचे गिर गया, जिसके नीचे खड़ा निजामुद्दीन दब गया.
कोई कार्रवाई नहीं चाहता परिवार
अधिकारियों ने मौके का मुआयना करने के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात की है. डीएम और एसपी ने परिवार को आश्वासन दिया है कि उन्हें राज्य सरकार की तरफ से जो भी मदद या मुआवजा मिलना चाहिए, वह दिया जाएगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार ने इस मामले में किसी भी तरह की पुलिस कार्रवाई करने या शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है.
दो घायल बच्चों का चल रहा इलाज
एसएसपी के मुताबिक, इस हादसे के मलबे में दबकर दो अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं. दोनों बच्चों को तुरंत जिले के मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां अधिकारियों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल गांव में शांति का माहौल है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को जिंदगी भर का कभी ना भूलने वाला गम दे दिया है.
ADVERTISEMENT










