कानपुर में शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 28 वर्षीय अतुल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अतुल की प्रेमिका सुमन ने उसे फोन करके मिलने के लिए अपने घर बुलाया था. जैसे ही अतुल वहां पहुंचा, प्रेमिका के परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी. हमला इतना बेरहमी से किया गया कि अतुल के शरीर पर करीब 50 चोटें आईं. अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
अतुल गंभीरपुर गांव के पेट्रोल पंप पर काम करता था और ऑटो भी चलाता था. उसकी प्रेमिका सुमन शादीशुदा थी और उसका पति विकास अवस्थी भी गांव में रहता था. आरोप है कि इस मारपीट में विकास अवस्थी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी हिस्सा लिया. घटना के बाद पूरे गांव में सदमे का माहौल है. अतुल के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है.
पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रेमिका सुमन, उसके पति विकास अवस्थी, ससुर समेत परिवार के अन्य सदस्यों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला अवैध संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है. दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT










