वाराणसी में मैगी न मिलने पर मचा बवाल! दबंगों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़, स्टाफ से मारपीट और फिर यहां लगा दी आग

यूपी तक

• 08:18 PM • 16 Aug 2026

Varanasi News: दबंग युवकों ने आधी रात को एक बंद रेस्टोरेंट में सिर्फ एक प्लेट 'मैगी' न मिलने पर जमकर हंगामा काटा. आरोपियों ने मैगी न मिलने पर रेस्टोरेंट के अंदर हॉकी और डंडों से जमकर तोड़फोड़ की है.

Google CTA

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक मामूली सी बात पर जमकर दबंगई हुई है. दबंग युवकों ने आधी रात को एक बंद रेस्टोरेंट में सिर्फ एक प्लेट 'मैगी' न मिलने पर जमकर हंगामा कर डाला. आरोपियों को मैगी न मिलने पर उन्होंने रेस्टोरेंट के अंदर हॉकी और डंडों से जमकर तोड़फोड़ की है.

यह भी देखें...

इतना ही नहीं, आरोपियों ने स्टाफ को पीटा और जाते-जाते गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया. इसके बाद आरोपी फिर सुबह वापस लौटे और संचालक की कार को पेट्रोल डालकर आग लगा दी. पुलिस ने इस मामले में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

मैगी ना मिलने पर भड़के युवक

यह पूरी घटना वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में पड़ने वाले सरसौली चांदमारी इलाके की है. जानकारी के अनुसार, आधी रात के समय रेस्टोरेंट बंद हो चुका था और पूरा स्टाफ सोने की तैयारी कर रहा था. तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और मैगी की मांग करने लगे. जब रेस्टोरेंट के मालिक ने बताया कि दुकान बंद हो गई है और अब खाना नहीं मिल पाएगा, तो युवक गुस्से से आग बबूला हो गए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी.

रेस्टोरेंट में की भारी तोड़फोड़

गुस्साए युवकों ने डंडों और हॉकी से रेस्टोरेंट के मालिक और वहां मौजूद स्टाफ पर हमला कर दिया. कुछ ही मिनटों में रेस्टोरेंट के अंदर जमकर तोड़फोड़ की गई और सारा सामान तहस-नहस कर दिया गया. आरोप है कि जाते-जाते दबंगों ने नीचे खड़ी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए. पास की एक अन्य दुकान को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.

रात 3 बजे आकर कार फूंकी

रेस्टोरेंट मालिक का आरोप है कि दबंगों का गुस्सा इतने से भी शांत नहीं हुआ. 15 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे आरोपी अपने कुछ और साथियों के साथ वापस लौटे. इस बार उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक के घरवालों की कार पर पेट्रोल छिड़का और उसे आग के हवाले कर दिया. आग इतनी भयानक थी कि पास लगा ट्रांसफार्मर और अन्य सामान भी उसकी चपेट में आ गए.

5 हजार रंगदारी मांगने का आरोप

पीड़ित ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां दीं और हर महीने 5,000 रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रंगदारी नहीं दी, तो इलाके में कैफे नहीं चलने देंगे और पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जिंदा जला देंगे.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 9 नामजद और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोपियों में अभिषेक रघुवंशी उर्फ पंतू, सन्नी सिंह, आदित्य रघुवंशी, शशिभूषण उपाध्याय उर्फ चुंडी, अभिजीत ओझा, अंशुमन सिंह और अरुण सिंह शामिल हैं. पुलिस इन आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.