एक दो नहीं 22 साल बाद कब्जामुक्त हुई रफतुल्लाह खान की पुस्तैनी जमीन, योगी सरकार की ऐसे की जमकर तारीफ

यूपी तक

• 01:16 PM • 16 Aug 2026

Sambhal Land Mafia: संभल में बसपा नेता रफतुल्लाह खान को 22 साल बाद अपनी करीब 5 करोड़ रुपये की जमीन वापस मिल गई है. शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच कर अवैध कब्ज़े को हटाया और जमीन उसके असली मालिक को सौंप दी है.

Google CTA

Sambhal Land Mafia: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान अब जमीन पर साफ असर दिखा रहा है. सरकार सिर्फ सरकारी जमीनों को ही नहीं, बल्कि आम लोगों की निजी जमीनों को भी अवैध कब्जों से मुक्त करा रही है. इसका एक बड़ा उदाहरण संभल जिले में देखने को मिला है, जहां एक बसपा (BSP) नेता को अपनी करोड़ों रुपये की जमीन के लिए 22 साल तक इंतजार करना पड़ा है. अब प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उस जमीन को कब्जा मुक्त कराकर उसके असली मालिक को सौंप दिया है.

यह भी देखें...

22 साल से जमीन पर था कब्जा

यह पूरा मामला संभल सदर कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय इलाके का है. यहां बसपा नेता रफतुल्लाह खान उर्फ नेता छिद्दा की करीब 1500 वर्ग मीटर की एक बेशकीमती जमीन है. इस जमीन की कीमत आज के समय में लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है. आरोप है कि जुबैर और कुछ अन्य लोगों ने इस जमीन पर कई सालों से अवैध रूप से कब्जा कर रखा था. रफतुल्लाह खान अपनी इस जमीन को वापस पाने के लिए पिछले 22 सालों से कानूनी और सरकारी लड़ाई लड़ रहे थे.

शासन में शिकायत के बाद हुआ एक्शन

सालों तक दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद, रफतुल्लाह खान ने कुछ महीने पहले अपनी शिकायत शासन स्तर तक पहुंचाई थी. उन्होंने लखनऊ जाकर प्रमुख सचिव (गृह) से मुलाकात की और अपनी जमीन के कागजात दिखाए. उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, शासन ने तुरंत संभल के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस कप्तान (SP) को इस मामले की गहराई से जांच करने के सख्त निर्देश दिए.

एसडीएम की अगुवाई में खाली हुई जमीन

शासन से आदेश मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने राजस्व रिकॉर्ड और जमीन के सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की है. जांच में रफतुल्लाह खान की शिकायत सही पाई गई और जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई है. इसके बाद, एसडीएम विकास चंद्र के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की भारी टीम मौके पर पहुंची और अवैध कब्जे को पूरी तरह से हटा दिया. 22 साल बाद रफतुल्लाह खान को अपनी जमीन का कब्जा वापस मिल गया है.

बसपा नेता ने की प्रशासन की तारीफ

अपनी 5 करोड़ की जमीन वापस मिलने के बाद बसपा नेता रफतुल्लाह खान बेहद खुश हैं और योगी सरकार की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. उनका कहना है कि संभल का प्रशासन बहुत चुस्त और दुरुस्त है. उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रशासन एक साधारण शिकायत पर भी पूरी जांच कर रहा है और गरीब मजलूमों को भू-माफियाओं के चंगुल से उनकी जमीनें वापस दिला रहा है. उन्होंने डीएम, एसपी और एसडीएम के काम की जमकर सराहना की है.

माफियाओं से खाली कराई जा रही जमीनें

इस पूरी कार्रवाई को लेकर संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि जिले में सरकारी जमीनों को बचाने के लिए एक 'लैंड बैंक' बनाया जा रहा है. इसके लिए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें जमीनों का सर्वे कर रही हैं. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए अब तक हजारों बीघा सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा चुका है. इसके साथ ही, जिन आम लोगों की निजी जमीनों पर माफियाओं ने कब्जा कर रखा था, जांच के बाद उन्हें भी उनका हक वापस दिलाया जा रहा है.