सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, ITBP के DIG परमिंदर सिंह समेत इतने सारे लोगों की मौत!

यूपी तक

• 12:01 PM • 16 Aug 2026

Saharanpur Road Accident: सहारनपुर में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में ITBP के DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर की मौत हो गई है. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर दूसरी कार से टकरा गई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

Google CTA

Saharanpur Road Accident: सहारनपुर में 15 अगस्त को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह की मौत हो गई है. यह भीषण हादसा सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में हुआ है. इस भयानक एक्सीडेंट में डीआईजी के साथ-साथ उनके ड्राइवर की भी जान चली गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

यह भी देखें...

डिवाइडर पार कर टकराई गाड़ी

यह हादसा सहारनपुर में देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर झबीरन कट के पास हुआ है. शनिवार सुबह करीब सवा 9 बजे डीआईजी परमिंदर सिंह की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू हो गई. बेकाबू गाड़ी सीधे डिवाइडर से टकराई और उसे पार करते हुए दूसरी तरफ की लेन में पहुंच गई. इसी दौरान सामने से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार से उसकी आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह चकनाचूर हो गईं और लोग अंदर ही फंस गए.

मसूरी से अंबाला जा रहे थे

जानकारी के मुताबिक, आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह मसूरी में अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सरकारी गाड़ी से अंबाला जा रहे थे. गाड़ी में उनके साथ उनका ड्राइवर रविशंकर और गनर जयराम भी बैठे थे. हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया. लेकिन, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रविशंकर को मृत घोषित कर दिया. गनर जयराम के हाथ में चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है.

हरिद्वार जा रहा परिवार भी घायल

जिस स्विफ्ट डिजायर कार से डीआईजी की गाड़ी की टक्कर हुई, उसमें एक परिवार सवार था. यह परिवार माथा टेकने के लिए हरिद्वार जा रहा था. इस हादसे में कार सवार गुरु नानक सिंह, देवेंद्र कौर और गुरनाम सिंह भी बुरी तरह घायल हो गए हैं. राजकीय मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर नितिन जैन ने बताया कि दूसरी कार में सवार तीन लोगों में से एक की हालत बहुत ज्यादा नाजुक है. कुछ घायलों के सिर और सीने में चोटें आई हैं, जिनका इलाज लगातार किया जा रहा है.

हादसे की जांच कर रही पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मात्र पांच मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि डीआईजी की गाड़ी किन वजहों से बेकाबू हुई थी. पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या ड्राइवर को झपकी आ गई थी, बारिश के कारण स्टेयरिंग से कंट्रोल छूटा या फिर किसी को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ. पुलिस मौके से सभी जरूरी सबूत जुटा रही है.