Chitrakoot Policeman Viral Video: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इस वीडियो में खाकी वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी शराब के नशे में इतना धुत है और वह कुर्सी पर उल्टे सिर के बल लेटा हुआ है. उसके पैर हवा में हैं और वह पूरी तरह से बेसुध है. जिस खाकी वर्दी पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है, उसकी ऐसी हालत देखकर हर कोई हैरान है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी सिपाही के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है.
ADVERTISEMENT
कैंटीन में नशे में मिला सिपाही
यह पूरा मामला बीते 19 अक्टूबर का बताया जा रहा है. चित्रकूट जिले में प्रयागराज नेशनल हाईवे के किनारे बनी एक कैंटीन में उत्तर प्रदेश पुलिस का यह सिपाही शराब के नशे में पूरी तरह से धुत मिला. वह एक प्लास्टिक की कुर्सी पर इस अजीबोगरीब हालत में पड़ा था कि उसका सिर जमीन की तरफ लटका था और वह अपनी सुधबुध खो चुका था. वहां मौजूद किसी शख्स ने सिपाही की यह हालत देखकर तुरंत डायल 112 पर पुलिस को इसकी सूचना दे दी.
अस्पताल पहुंचा सिपाही, वीडियो हुआ वायरल
सूचना मिलते ही पीआरवी 112 की टीम मौके पर पहुंची और नशे में धुत सिपाही को अपनी कस्टडी में लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा उसका मेडिकल परीक्षण किया गया. इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई, लेकिन उससे पहले ही सिपाही की इस शर्मनाक करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि और अनुशासन पर कई गंभीर सवाल उठने लगे.
एसपी ने किया सिपाही को निलंबित
वीडियो वायरल होने के बाद चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए एक आधिकारिक प्रेस नोट जारी किया. जांच में पता चला कि यह शख्स मुख्य आरक्षी दीपक प्रकाश वर्मा है, जो वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात है. शुरुआती जांच में सामने आया कि यह सिपाही अक्सर शराब पीकर ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकतें करता है. पुलिस विभाग की छवि खराब करने के आरोप में एसपी ने दीपक प्रकाश वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
ADVERTISEMENT










