Unnao Box Murder Case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हाईवे किनारे एक बक्से में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस की जांच में इस 'बक्सा कांड' का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. मृतक की पहचान 28 साल के सोनू सविता के रूप में हुई. पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है. सोनू की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी नेहा ने अपने पड़ोसी प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर की थी. हत्या के बाद शव को बक्से में भरकर एक लोडर की मदद से हाईवे पर फेंक दिया गया था. पुलिस ने हत्यारी पत्नी, उसके प्रेमी और शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले दो अन्य लोगों को पकड़ लिया है.
ADVERTISEMENT
सिलबट्टे से वार कर की हत्या
पुलिस जांच में पता चला है कि 28 वर्षीय सोनू पंचमखेड़ा गांव का रहने वाला था. दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है. नेहा ने पुलिस को बताया कि सोनू अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. सोमवार रात को भी सोनू अपने पड़ोसी जितेंद्र उर्फ राहुल के साथ शराब पी रहा था. इसी दौरान सोनू और नेहा में झगड़ा हो गया. रात करीब 12 बजे नेहा ने सोनू के सिर पर सिलबट्टे से हमला कर दिया. इसके बाद पड़ोसी जितेंद्र के साथ मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी.
बक्से में भरकर हाईवे पर फेंका
घर के अंदर हत्या करने के बाद आरोपियों के सामने शव को ठिकाने लगाने की बड़ी चुनौती थी. इसके लिए नेहा और जितेंद्र ने सोनू के शव को एक बड़े बक्से में बंद कर दिया. शव को घर से बाहर ले जाने के लिए जितेंद्र ने दस हजार रुपये देकर तौहीद और एक नाबालिग लड़के की मदद ली. इसके बाद कमरा बदलने का बहाना बनाकर 1200 रुपये में एक लोडर किराए पर लिया गया. बक्से को उसी लोडर में रखकर करीब 21 किलोमीटर दूर रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर ले जाकर फेंक दिया गया.
सीसीटीवी से खुला हत्या का राज
आरोपियों को लगा था कि बक्से के अंदर शव के साथ ही हत्या का राज भी छिप जाएगा. लेकिन हाईवे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों ने उनका सारा खेल बिगाड़ दिया. कैमरों में लोडर की आवाजाही कैद हो गई थी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लोडर ड्राइवर और मालिक से पूछताछ की, जिससे सारी सच्चाई सामने आ गई. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी नेहा, उसके पड़ोसी जितेंद्र और तौहीद को गिरफ्तार कर लिया है. इसके अलावा शव को छिपाने में मदद करने वाले नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है.
ADVERTISEMENT










