Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. गुलरिहा थाना क्षेत्र में विसर्जन के लिए जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रॉली में तेज करंट दौड़ गया. इस खौफनाक हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक मौसेरा भाई शामिल है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है.
ADVERTISEMENT
हाई टेंशन लाइन से टकराई ट्रॉली
बुधवार शाम को नवरात्र खत्म होने के बाद दुर्गा मूर्ति को तय स्थान पर विसर्जित करने के लिए ले जाया जा रहा था. मूर्ति एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखी हुई थी और उस पर कई लोग सवार थे. तभी ट्रॉली पर लगी लोहे की एक लंबी रॉड ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. तार टच होते ही पूरी ट्रॉली में जोरदार करंट उतरा, जिससे मौके पर ही भगदड़ मच गई और तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी.
हादसे में तीन भाइयों की मौत
करंट लगने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए घायलों को ट्रॉली से नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 17 साल के लकी, 18 साल के विक्की और 21 साल के चंदन को मृत घोषित कर दिया. लकी और विक्की दोनों सगे भाई थे, जबकि चंदन उनकी मौसी का बेटा था. एक ही परिवार के तीन जवान बेटों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया है.
हादसे की जांच में जुटा प्रशासन
इस हादसे में करंट लगने से झुलसे सात गंभीर घायलों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. प्रशासन की टीमें जमीन पर उतरकर राहत और बचाव कार्य कर रही हैं. इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और यह जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं कि यह भयानक घटना आखिर कैसे घटी. हादसे के पीछे किसकी लापरवाही है, इसकी भी गहन जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT










