सहारनपुर में 27 साल की कोमल विस्तर पर मिली डेड, पुलिस ने छोटे भाई को किया गिरफ्तार

यूपी तक

• 12:41 PM • 17 Oct 2026

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के लखनौती गांव में 27 साल की एक युवती कोमल का शव उसके ही कमरे में बेड पर संदिग्ध हालत में मिला है.

Google CTA

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के लखनौती गांव में 27 साल की एक युवती कोमल का शव उसके ही कमरे में बेड पर संदिग्ध हालत में मिला है. रात को घर में सब कुछ ठीक था, लेकिन सुबह अचानक इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया. कोमल गांव में ग्राम पंचायत सहायक के तौर पर काम करती थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन यह मौत अभी भी एक बड़ा रहस्य बनी हुई है.

यह भी देखें...

कमरे में मिला कोमल का शव

सहारनपुर के लखनौती गांव में रहने वाली 27 वर्षीय कोमल रात में रोज की तरह अपने कमरे में सोने गई थी. परिवार के मुताबिक रात में सब कुछ बिल्कुल सामान्य था. कोमल का छोटा भाई घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था, जबकि उसके माता-पिता घर से अलग बने घेर में सो रहे थे. सुबह जब कोमल की मां राजवती घर के अंदर गई, तो उसने अपनी बेटी को बेड पर मृत अवस्था में देखा. यह देखकर मां के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई.

छोटे भाई पर हत्या का शक

इस रहस्यमयी घटना के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. मामले में प्रेम प्रसंग और उससे जुड़ी हत्या की आशंका भी जताई जा रही है. जांच के दौरान पुलिस का शक कोमल के छोटे भाई पर गया है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतक के छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है. वहीं, कोमल की मां का कहना है कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता कि रात में क्या हुआ और उनका बेटा पुलिस के डर से कहीं चला गया था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा बड़ा राज

घटना की सूचना मिलने पर नकुड़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया. इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार और गांव वालों से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच हो रही है. अब कोमल की मौत का असली सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से साफ हो पाएगा.