मुजफ्फरनगर में ताश के पत्तों की तरह ढहा सालों पुराना ‘रानी का महल’, प्रशासन ने ऐसे बचाई लोगों की जान

यूपी तक

• 12:28 PM • 16 Aug 2026

Muzaffarnagar Building Collapse: मुजफ्फरनगर के जानसठ में सैकड़ों साल पुरानी जर्जर इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई है. प्रशासन ने समय रहते आसपास के मकान खाली करा लिए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया है.

Google CTA

Muzaffarnagar Building Collapse: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक बेहद हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. यहां एक सैकड़ों साल पुरानी जर्जर इमारत ताश के पत्तों की तरह भरभरा कर गिर गई. हालांकि प्रशासन की सूझबूझ और फुर्ती से समय रहते आसपास के मकानों को खाली करा लिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया है. इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है. इस खौफनाक घटना का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई दंग है.

यह भी देखें...

चंद सेकंड में ढह गई इमारत

वायरल वीडियो मुजफ्फरनगर के जानसठ कस्बे का है. वीडियो में दिखाया गया है कि इमारत बहुत पुरानी थी, जिसके चलते उसकी दीवारें दरक चुकी थीं. जिस समय यह इमारत भरभरा कर गिरी मौके पर मौजूद लोग वीडियो में चिल्लाते हुए दिखे हैं कि 'पीछे हट जाओ, घरों से बाहर निकल आओ.' इसके चंद सेकंड बाद ही पूरी की पूरी भारी-भरकम इमारत भरभरा कर जमीन पर आ गिरती है. इमारत गिरते ही वहां धूल का इतना भयानक गुबार उठता है कि कुछ देर के लिए पूरी गली मलबे और धूल में छिप जाती है.

प्रशासन की फुर्ती से बची जान

यह जर्जर इमारत जानसठ के बुध बाजार इलाके में स्थित थी. प्रशासन और नगर पंचायत को सूचना मिली थी कि यह बिल्डिंग बहुत खराब हालत में है और कभी भी गिर सकती है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत एक्शन में आई और मौके पर पहुंच गई. टीम ने फुर्ती दिखाते हुए इलाके में बैरिकेडिंग की और आसपास के मकानों को फौरन खाली करवा लिया. लोग अपनी जान बचाकर गली में सुरक्षित जगह पर भाग गए थे.

पड़ोसी मकान के छज्जे को नुकसान

जब यह इमारत गिरी, तो इसका मलबा पास के ही एक मकान के ऊपर भी जा गिरा. इस वजह से उस पड़ोसी मकान के छज्जे को मामूली नुकसान पहुंचा है. हालांकि, राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि मकान पहले ही खाली करा लिए गए थे, इसलिए किसी भी इंसान को चोट नहीं आई. वहां मौजूद लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने बिल्डिंग खाली कराने में थोड़ी भी देर की होती, तो यह मलबा कई जिंदगियों को अपनी चपेट में ले सकता था.

मुगल काल का था रानी महल

स्थानीय लोगों के मुताबिक यह इमारत कोई आम घर नहीं, बल्कि सैकड़ों साल पुरानी थी. बताया जाता है कि इस बिल्डिंग को मुगल काल में बनाया गया था और इसे इलाके में 'रानी का महल' कहा जाता था. फिलहाल, इस बड़े हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. वहीं, पुलिस और प्रशासन की टीम मशीनें लगाकर सड़क से मलबा हटाने के काम में तेजी से जुटी हुई है.