पति की मौत, बच्चों की जिम्मेदारी और कच्चे घर से परेशान थी इटावा की सुनीता-रेनू, योगी सरकार ने ऐसे बदली जिंदगी

यूपी तक

• 12:40 PM • 21 Aug 2026

CM Awas Yojana: मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत इटावा के गरीब, दिव्यांग और बेसहारा परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा हो चुका है. सुनीता देवी और रेनू तिवारी को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक मदद मिली है. उन्होंने इस राशि की मदद से अपने लिए पक्का मकान बनवा लिया है.

Google CTA

CM Awas Yojana: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'मुख्यमंत्री आवास योजना' गरीब और बेसहारा परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा बन गई है. इस योजना के जरिए सालों से कच्चे घरों में रहने को मजबूर लोगों के पक्के घर का सपना सच हो रहा है. इटावा जिले में भी यह सरकारी योजना कई जिंदगियों में नई उम्मीद की रोशनी लेकर आई है, जिससे गरीब परिवारों को बारिश और आंधी से बचने के लिए सुरक्षित छत और सम्मान की जिंदगी मिली है.

यह भी देखें...

सुनीता देवी को मिला पक्का मकान

इटावा की चितभवन ग्राम पंचायत की रहने वाली सुनीता देवी दोनों पैरों से दिव्यांग हैं. पति की करंट लगने से मौत होने के बाद उन पर तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी आ गई थी. बरसात के मौसम में उनके कच्चे घर में पानी भर जाता था और दीवार गिरने का डर रहता था. लेकिन मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिली. इस पैसे से सुनीता देवी ने अपना पक्का कमरा बनवा लिया है और अब वे अपने बच्चों के साथ बिना डरे सुरक्षित रहती हैं.

रेनू तिवारी की भी बदली जिंदगी

इटावा की ही नावली ग्राम पंचायत की रहने वाली रेनू तिवारी के लिए भी यह योजना एक वरदान साबित हुई है. खेत में काम करते समय उनके पति की लकवा मारने से मौत हो गई थी. पति के निधन के बाद दो छोटे बच्चों के साथ उनके सामने रहने का बहुत बड़ा संकट आ गया था. उन्हें भी योगी सरकार की इस योजना से घर बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि मिली. अब रेनू का भी पक्का मकान बन गया है और मौसम खराब होने पर उन्हें चिंता नहीं सताती है.

जरूरतमंदों के खाते में सीधे पैसे

मुख्यमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे कमजोर वर्ग को पक्की छत उपलब्ध कराना है. इस योजना में दिव्यांग, विधवा और बेसहारा परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिया जा रहा है. सरकार मकान बनाने का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेज रही है. इससे पूरी पारदर्शिता बनी हुई है और लोग बिना किसी परेशानी के अपने लिए पक्के मकान का निर्माण करा रहे हैं.