कन्नौज में इन लोगों ने सिपाही को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पुलिस ने यहां निकाला आरोपियों का जुलूस

यूपी तक

• 01:04 PM • 20 Aug 2026

Kannauj Police: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में उपद्रवी भीड़ ने यूपी पुलिस के एक जवान को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है. जवान सड़क पर एक विवाद को सुलझाने गया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Google CTA

Kannauj Police: उत्तर प्रदेश के कन्नौज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सड़क पर हो रहे एक विवाद को शांत कराने पहुंचे यूपी पुलिस के एक सिपाही को भीड़ ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है. इस घटना ने पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद पुलिस ने तुरंत सख्त एक्शन लिया. पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनका सड़क पर पैदल जुलूस भी निकाला गया है.

यह भी देखें...

सिपाही को सौ मीटर तक दौड़ाया

जानकारी के मुताबिक, सड़क पर कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो रहा था. इसे देखकर एक सिपाही वहां बीच-बचाव कराने पहुंच गया. आरोप है कि भीड़ ने सिपाही की बात नहीं सुनी और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. पहले सिपाही को एक दुकान के अंदर पीटा गया. इसके बाद जब वह अपनी जान बचाने के लिए भागा, तो हमलावरों ने उसे करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर पीटा. इस हमले में सिपाही के मुंह और कान पर गंभीर चोटें आई हैं.

पुलिस ने 12 आरोपियों को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले. पुलिस ने तुरंत घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद तिरवा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और 12 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस दौरान एक नाबालिग को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है.

सड़क पर आरोपियों का निकाला जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का कस्बे में पैदल जुलूस निकाला है. यह जुलूस ठठिया रोड चौराहे से शुरू होकर मुख्य रास्तों से होते हुए मुन्ना होटल के पास तक ले जाया गया. पुलिस का यह जुलूस निकालने का मकसद यह संदेश देना था कि पुलिस की वर्दी पर हाथ उठाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. मेडिकल जांच के बाद आरोपियों पर बीएनएस की अलग-अलग धाराओं और 7 सीएलए एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है.