UP STF का बड़ा एक्शन...गोरखपुर में मारा गया 1 लाख का इनामी बदमाश मुस्तफिजुर रहमान, सामने आई पूरी क्राइम कुंडली!

यूपी तक

• 10:38 AM • 14 Jul 2026

Gorakhpur Encounter News: गोरखपुर में यूपी STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुर रहमान उर्फ बाबू को एनकाउंटर में मार गिराया गया.

Google CTA

Gorakhpur Encounter News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में देर रात यूपी STF और पुलिस की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुर रहमान उर्फ बाबू को मार गिराया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे. मुठभेड़ के दौरान STF का एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है.

यह भी देखें...

जानकारी के मुताबिक, यह एनकाउंटर गोरखपुर के रामनगर करजहा से कुशीनगर लिंक रोड के पास हुआ. पुलिस और STF की टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में घेराबंदी की थी. पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर मुस्तफिजुर रहमान ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पुलिस के अनुसार, गोली लगने के बाद बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, मुठभेड़ में घायल हुए STF के हेड कांस्टेबल का इलाज जारी है.

घटनास्थल से पुलिस ने हथियार समेत अन्य सामान बरामद किए हैं. मौके पर एक बाइक और तमंचा भी मिला, जिसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है.

कौन था मुस्तफिजुर रहमान उर्फ बाबू?

पुलिस के मुताबिक, मुस्तफिजुर रहमान उर्फ बाबू मूल रूप से आजमगढ़ का रहने वाला था. उसके ऊपर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ 10 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं.

पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2024 में महाराष्ट्र के अमरावती जिले से वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था. इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई थीं. STF लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी.

खुफिया सूचना के आधार पर चलाया गया ऑपरेशन

STF अधिकारियों के मुताबिक, मुस्तफिजुर रहमान की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद गोरखपुर में विशेष अभियान चलाया गया. इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे घेर लिया. पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें बदमाश घायल हो गया.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. एनकाउंटर के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. वहीं, मुस्तफिजुर रहमान का आपराधिक इतिहास एक बार फिर चर्चा में आ गया है.