मेरठ SSP थप्पड़ कांड में नया मोड़! वायरल वीडियो पर मचा सियासी बवाल, राकेश टिकैत ने की कार्रवाई की मांग तो अविनाश पांडे ने बताई पूरी कहानी

यूपी तक

• 12:52 PM • 10 Jul 2026

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे के थप्पड़ मारने का वायरल वीडियो राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है. बीए छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई इस घटना पर राकेश टिकैत, अखिलेश यादव और चंद्रशेखर आजाद ने सवाल उठाए हैं.

Google CTA

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे के थप्पड़ कांड को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. मामला मेरठ कलेक्ट्रेट में बीए छात्रा ललिता गौतम की हत्या के विरोध में हुए प्रदर्शन से जुड़ा है, जहां एसएसपी अविनाश पांडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद विपक्ष के नेताओं अखिलेश यादव, चंद्रशेखर आजाद और किसान नेता राकेश टिकैत ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए एसएसपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. राकेश टिकैत ने कहा कि पुलिस की सुरक्षा में बैठे व्यक्ति पर हाथ उठाना तानाशाही है और वर्दीधारी अधिकारियों पर भी कानून समान रूप से लागू होना चाहिए. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलने का भी ऐलान किया है.

यह भी देखें...

वहीं, एसएसपी अविनाश पांडे ने वायरल वीडियो को लेकर अपनी सफाई दी है. उन्होंने कहा कि वीडियो का केवल एक हिस्सा दिखाया जा रहा है और पूरा घटनाक्रम सामने नहीं आया है. एसएसपी ने इसे साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरी ओर, पुलिस ने इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. वायरल वीडियो की जांच भी की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

यह पूरा मामला मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां मई महीने में बीए छात्रा ललिता गौतम की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन हुए थे. इसी दौरान एसएसपी अविनाश पांडे के थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने से राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा हो गया. फिलहाल राकेश टिकैत एसएसपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो, आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.