Sonam Wangchuk Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी ने सोनम वांगचुक के आंदोलन को समर्थन दिया है. पिछले 18 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की बिगड़ती तबीयत को लेकर विपक्षी दल केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे हैं. इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद सोनम वांगचुक से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना और आंदोलन को अपना समर्थन दिया. अखिलेश के इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और इसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
जंतर-मंतर पहुंचे सपा सांसद-विधायक
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में समाजवादी पार्टी के कई सांसद और विधायक लगातार पहुंच रहे हैं. सपा नेताओं ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर युवाओं के मुद्दों को उठाया और संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया.
सपा नेताओं का कहना है कि पार्टी युवाओं की आवाज को सदन से लेकर सड़क तक उठाएगी. इस दौरान सपा नेताओं ने सरकार पर युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया.
अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक से फोन पर जाना हाल
सपा के आंदोलन में सक्रियता के बीच खबरें आई थीं कि अखिलेश यादव खुद जंतर-मंतर पहुंच सकते हैं. इसी बीच उन्होंने सोनम वांगचुक को फोन कर उनका हालचाल जाना.
सपा से जुड़े नेताओं के मुताबिक, अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और उनके आंदोलन को अपना समर्थन दिया. अखिलेश यादव ने उनसे अनशन खत्म करने की अपील भी की.
अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन किया. उन्होंने लिखा कि उन्होंने फोन पर वांगचुक से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके सत्याग्रह को समर्थन दिया. उन्होंने अपील की कि सोनम वांगचुक अपना अनशन समाप्त कर कुछ समय स्वास्थ्य लाभ लें और नई ऊर्जा के साथ आगे के संघर्ष में शामिल हों. इसके साथ ही अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए लोकतंत्र, भ्रष्टाचार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर हमला बोला.
नीट और अयोध्या चढ़ावा मामले का भी किया जिक्र
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में नीट परीक्षा विवाद और अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और मंदिर में चोरी के मामले देश के लिए गंभीर मुद्दे हैं.
उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इन घटनाओं से देश की लोकतांत्रिक छवि पर असर पड़ रहा है. साथ ही उन्होंने सोनम वांगचुक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
युवाओं को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा कदम
राजनीतिक जानकार अखिलेश यादव के इस कदम को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं. माना जा रहा है कि सपा युवाओं के मुद्दों को लेकर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
उत्तर प्रदेश में भी भर्ती और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर युवाओं के कई प्रदर्शन हो चुके हैं. ऐसे में दिल्ली के आंदोलन को समर्थन देकर अखिलेश यादव युवाओं के बीच एक बड़ा संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं.
सपा के कई बड़े नेता आंदोलन में पहुंचे
सोनम वांगचुक के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंचे सपा नेताओं में सरधना विधायक अतुल प्रधान, कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज और जौनपुर सांसद प्रिया सरोज समेत कई बड़े नाम शामिल हैं. वहीं, विपक्षी दलों की ओर से भी इस आंदोलन को समर्थन मिल रहा है. आम आदमी पार्टी समेत कई अन्य दलों के नेता भी प्रदर्शन के समर्थन में नजर आए हैं.
फिलहाल सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता बनी हुई है और विपक्ष लगातार केंद्र सरकार से इस मामले में कदम उठाने की मांग कर रहा है. वहीं, अखिलेश यादव के समर्थन के बाद इस आंदोलन को लेकर सियासी हलचल और तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT










